पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई के तहत गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात तालिबान के शासन वाले अफगानिस्तान पर कई हवाई हमले और बमबारी की। इस्लामाबाद ने इस सैन्य कार्रवाई को ‘ऑपरेशन ग़ज़ब लिल हक़’ नाम दिया। पाकिस्तान का दावा है कि उसने काबुल और कंधार सहित कई बड़े शहरों में अहम सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए उन्हें तबाह कर दिया।

डॉन अखबार ने रिपोर्ट किया कि यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा सीमा पार से हुई ‘बिना उकसावे की फायरिंग (unprovoked firing)’ के कुछ घंटों बाद की गई। अफगानिस्तान ने इस सैन्य कार्रवाई की आलोचना करते इसे ‘कायरतापूर्ण’ बताया। अफगानिस्तान ने कहा कि उसकी ओर से किसी की जान नहीं गई है। वहीं पाकिस्तान ने इस ऑपरेशन को ‘प्रभावी’ बताते हुए दावा किया कि इसमें 133 अफगानों की मौत हुई है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पड़ोसी अफगानिस्तान पर किए गए हवाई हमलों के बाद कहा कि देश की सशस्त्र सेनाएं किसी भी आक्रामकता को ‘कुचलने’ में पूरी तरह सक्षम हैं। पाकिस्तानी सरकार के X (Twitter) अकाउंट पर साझा किए गए पोस्ट के अनुसार, शहबाज शरीफ ने कहा, ”हमारी सेनाओं के पास किसी भी आक्रामक मंसूबे को कुचलने की पूरी क्षमता है। पूरा देश पाकिस्तान की सशस्त्र सेनाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।”

गौर करने वाली बात है कि इससे पहले गुरुवार को तालिबानी सेना ने दोनों देशों के बीच स्थित डूरंड पर तैनात पाकिस्तानी सैनिकों पर हमला किया था। इसे उन्होंने पहले हुए घातक हमलों के जवाब में की गई कार्रवाई बताया। डूरंड रेखा लंबे समय से विवादित सीमा रही है क्योंकि अफगानिस्तान ने इसे कभी औपचारिक रूप से मान्यता नहीं दी। हाल के महीनों में दोनों इस्लामी पड़ोसी देशों के संबंधों में तनाव बढ़ा है।

जानें पाकिस्तान-अफगानिस्तान जंग से जुड़ी 10 बड़ी बातें:

  1. काबुल में कम से कम तीन धमाकों की आवाज सुनी गई। हालांकि अफगान राजधानी में किन-किन जगहों को निशाना बनाया गया या किसी की जान जाने की जानकारी तुरंत उपलब्ध नहीं हो सकी।
  2. काबुल में ऊपर से जेट विमानों की आवाजें सुनी गईं और कई जोरदार धमाके पूरे शहर में गूंजे। जिसके बाद लगभग दो घंटे तक गोलीबारी की आवाजें सुनाई देती रहीं। अफगानिस्तान के सुप्रीम लीडर हिबतुल्लाह अखुंदज़ादा के घर यानी दक्षिणी शहर कांधार के निवासियों ने समाचार एजेंसी AFP को बताया कि उन्होंने ऊपर से जेट विमानों की आवाजें सुनीं।
  3. एपी ने अफगानिस्तान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि गुरुवार को की गई जवाबी कार्रवाई में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। मंत्रालय ने कहा कि अफगान बलों ने डूरंड लाइन के साथ पूर्वी और दक्षिणपूर्वी दिशाओं में, पक्तिका, पक्तिया, खोस्त, नंगरहार, कुनार और नूरिस्तान प्रांतों के पास पाकिस्तानी सैन्य चौकियों को निशाना बनाया।
  4. तालिबान के मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह चार घंटे का अभियान 26 फरवरी को रात 8 बजे शुरू हुआ जो रमजान का 9वां दिन था। यह अभियान पाकिस्तान द्वारा अफगान क्षेत्र के उल्लंघन के जवाब में चलाया गया था जिसमें महिलाओं और बच्चों की मौत हुई थी।
  5. तालिबान सरकार ने पाकिस्तानी हवाई हमलों की पुष्टि की। तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि किसी की हताहत होने की जानकारी नहीं है। हालांकि, इस्लामाबाद का दावा है कि रात भर चली हवाई हमलों में 133 अफगानों की मौत हुई।
  6. पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा, ”पाकिस्तान के सशस्त्र बलों ने अफगान तालिबान की खुली आक्रामकता का करारा जवाब दिया है। कायर दुश्मन ने रात के अंधेरे में हमला किया। अफगान तालिबान ने निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने का निंदनीय प्रयास किया।”
  7. सीमा पार हमलों में तेजी के बीच एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और नागरिकों की सुरक्षा करने का आह्वान किया है। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कहा कि महासचिव ने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत नागरिकों की रक्षा करने और ‘कूटनीति के जरिए किसी भी मतभेद को सुलझाने का प्रयास जारी रखने’ का आग्रह किया।
  8. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ अली ज़ैदी ने कहा, ”कुल 133 अफगान तालिबान मारे जाने की पुष्टि हुई है और 200 से ज्यादा घायल हुए हैं। काबुल, पक्तिया और कंधार के सैन्य ठिकानों पर हुए हमलों में और भी कई हताहत होने का अनुमान है।”
  9. तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने AFP को बताया कि कई पाकिस्तानी सैनिक ‘जिंदा पकड़ लिए गए’ हैं जबकि इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री ऑफिस ने इस दावे से इंकार किया है।
  10. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने कहा,”हमारे देश का धैर्य अब जवाब दे चुका है” और अब अफगानिस्तान के खिलाफ ”खुली जंग” की स्थिति बन गई है। उनका यह बयान अफगानिस्तान की ओर से सीमा पार हमले के बाद दोनों देशों की जवाबी कार्रवाई के उपरांत आया है। रक्षा मंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”पाकिस्तान को आशा थी कि नाटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) बलों की वापसी के बाद अफगानिस्तान में शांति कायम होगी और तालिबान अफगानिस्तान की जनता की भलाई तथा क्षेत्र में स्थिरता पर ध्यान देगा…।” उन्होंने कहा, ”हमारा धैर्य अब जवाब दे चुका है। अब हमारे बीच खुली जंग की स्थिति है।” पड़ोसी देशों के बीच तेज हुए हमलों से कतर की मध्यस्थता में हुआ संघर्षविराम कमजोर पड़ता दिख रहा है। हालांकि, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने अपने बयान में संघर्षविराम का कोई उल्लेख नहीं किया।


Pakistan Afghanistan Conflict LIVE:  पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के मिलिट्री ठिकानों पर आधी रात बड़ी स्ट्राइक की। इसके बाद तालिबान ने पाकिस्तान के 55 सैनिकों और इसके एक एफ-16 फाइटर जेट को मार गिराने का दावा किया है। यहां पढ़ें हर अपडेट…