इजरायल में पिछले महीने के 27 अक्टूबर को हुए संसदीय चुनाव के बाद भी सरकार बनाने को लेकर राजनीतिक खींचतान जारी है। किसी भी गठबंधन को संसद में बहुमत नहीं मिला है। इस बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को सत्ता से हटाने के लिए विपक्षी दलों ने पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइजेनकोट के नाम पर सहमति जताई है। हालांकि, नई सरकार बनाने के लिए अरब दलों का समर्थन लिया जाए या नहीं, इस मुद्दे पर विपक्ष के नेता अब भी बंटे हुए हैं।
चुनाव के बाद पहली बार मंगलवार को इजरायल के शहर हर्जलिया में विपक्षी दलों के पांच प्रमुख नेताओं की बैठक हुई। करीब 70 मिनट चली इस बैठक में याशर पार्टी के गादी आइजेनकोट, बेयाचद पार्टी के नफ्ताली बेनेट, आतिद पार्टी के याइर लैपिड, डेमोक्रेट्स पार्टी के याइर गोलान और बेयतेनु पार्टी के एविग्दोर लिबरमैन शामिल हुए।
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में सभी नेताओं ने मिलकर तुरंत काम शुरू करने पर सहमति जताई। उनका मकसद नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार को हटाकर देश में राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाना है। इजरायल के चुनाव में 120 सदस्यों वाली संसद यानी नेसेट में किसी भी गठबंधन को बहुमत नहीं मिला। आइजेनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को चुनाव में 48 सीटें मिली हैं।
अरब दलों के समर्थन को लेकर विपक्ष में मतभेद
विपक्षी नेताओं की यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग अगले दिन से नई सरकार बनाने के लिए राजनीतिक दलों के साथ बातचीत शुरू करने वाले हैं। राष्ट्रपति यह जानने के लिए सभी दलों से चर्चा करेंगे कि अगली सरकार बनाने की जिम्मेदारी किसे दी जानी चाहिए।
हालांकि, आइजेनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन में अरब दलों का समर्थन लेने को लेकर अब भी सहमति नहीं बन पाई है। इनमें राम पार्टी और ज्वाइंट लिस्ट जैसे दल शामिल हैं। इन अरब दलों को चुनाव में कुल 19 सीटें मिली हैं।
बैठक के बाद जारी साझा बयान में विपक्षी नेताओं ने कहा, “पार्टी प्रमुखों के बीच तालमेल है और वे 7 अक्टूबर की सरकार को हटाकर राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने के लिए तुरंत काम करेंगे।”
नेताओं ने आइजेनकोट की ओर से रखे गए चार सिद्धांतों पर भी सहमति जताई। इनमें यह शर्त शामिल है कि सभी दल इजरायल को एक यहूदी देश के रूप में स्वीकार करेंगे और हमास को आतंकवादी संगठन मानेंगे। इन शर्तों के कारण कुछ अरब दल नए गठबंधन से बाहर रह सकते हैं।
सरकार बनाने में अरब दलों की भूमिका अहम
इजरायल के चुनाव में नेतन्याहू के समर्थन वाले गठबंधन को 53 सीटें मिली हैं, जबकि आइजेनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के पास 48 सीटें हैं। ऐसे में दोनों पक्ष बहुमत के आंकड़े से दूर हैं। संसद में बहुमत के लिए 61 सीटों की जरूरत है।
इस स्थिति में अरब दलों के पास मौजूद 19 सीटें सरकार बनाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। यानी नई सरकार किसकी बनेगी, यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर कर सकता है कि अरब दल किसे समर्थन देते हैं।
इजरायल के सबसे बड़े अरब दल के प्रमुख यूसुफ जबारीन ने कहा है कि नेतन्याहू को हटाने के लिए विपक्ष को राजनीतिक हकीकत समझनी होगी और मिलकर काम करना होगा। उनका कहना है कि विपक्षी दलों को साथ आना चाहिए, ताकि मौजूदा सरकार को सत्ता से हटाया जा सके।
डेमोक्रेट्स पार्टी के याइर गोलान ऐसे इकलौते विपक्षी नेता हैं, जिन्होंने अरब दलों के साथ गठबंधन बनाने का खुलकर समर्थन किया है। मंगलवार की विपक्षी बैठक से पहले उन्होंने अरब दलों के नेताओं से मुलाकात भी की थी। इस दौरान उन्होंने इजरायल के फलस्तीनी नागरिकों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
अरब दलों से गठबंधन के खिलाफ हैं लिबरमैन
विपक्षी गठबंधन में शामिल बेयतेनु पार्टी के नेता एविग्दोर लिबरमैन अरब दलों के साथ गठबंधन बनाने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने इस तरह के किसी भी राजनीतिक समझौते का साफ तौर पर विरोध किया है।
हालांकि, लिबरमैन यह भी चाहते हैं कि किसी भी स्थिति में इजरायल में दोबारा चुनाव कराने की नौबत न आए। ऐसे में विपक्ष के सामने दोहरी चुनौती है। उसे एक तरफ नेतन्याहू को सत्ता से हटाने के लिए बहुमत जुटाना है, वहीं दूसरी तरफ अरब दलों के समर्थन को लेकर अपने भीतर मौजूद मतभेद भी दूर करने हैं।
