नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने सीक्रेट परमाणु संयंत्र का खुलासा किया। उत्तर कोरिया ने गुरुवार को परमाणु बमों के लिए ईंधन का उत्पादन करने में सक्षम एक नई यूरेनियम संवर्धन सुविधा (Uranium Enrichment Facility) का खुलासा किया। किम जोंग उन ने घोषणा की कि देश अपने परमाणु शस्त्रागार को तेजी से बढ़ाएगा।
उत्तर कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) ने किम की तस्वीरें प्रकाशित कीं, जिनमें वह चांदी की ट्यूबों और पाइपों से घिरे संकरे गलियारों से गुजर रहे थे। यह पाइप और ट्यूब यूरेनियम संवर्धन में इस्तेमाल होने वाले सेंट्रीफ्यूज हॉल के स्वरूप से मेल खाते थे। एक अन्य तस्वीर में किम जोंग को एक मीटिंग रूम में दिखाया गया जहां एक मेज पर कोन के शेप की एक धुंधली आकृति रखी हुई थी जो शायद युद्ध में इस्तेमाल होने वाली किसी सामग्री का डिज़ाइन था। केसीएनए ने कहा कि इस परमाणु संयंत्र में अधिक उन्नत तकनीक का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, एजेंसी ने यह नहीं बताया कि यह नया परमाणु संयंत्र कहां बनाया गया है।
किम जोंग उन ने क्या कहा?
परमाणु संयंत्र के अपने दौरे के दौरान किम ने कहा कि देश की परमाणु क्षमता को मजबूत करने की जरूरत बढ़ गई है क्योंकि सबसे भयंकर दुश्मनों के साथ टकराव हो रहा है। इसका व्यापक रूप से मतलब संयुक्त राज्य अमेरिका और दक्षिण कोरिया से समझा जाता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तर कोरिया की परमाणु सामग्री उत्पादन क्षमता पांच साल पहले की तुलना में दोगुनी से अधिक हो गई है। किम ने कहा कि परमाणु हथियार संपन्न राज्य कहलाना उनके देश का अपरिवर्तनीय रुख है।
नॉर्थ कोरिया के परमाणु संयंत्र
यह तीसरी बार है जब उत्तर कोरिया ने सार्वजनिक रूप से यूरेनियम संवर्धन स्थल का खुलासा किया है। इससे पहले 2010 में अमेरिकी इंटेलेक्ट्स को योंगब्योन परमाणु परिसर में स्थित एक स्थल दिखाया गया था और फिर 2024 में एक अन्य गुप्त सुविधा की तस्वीरें जारी की गई थीं। पिछले सितंबर में, दक्षिण कोरिया के एक मंत्री ने कहा था कि उत्तर कोरिया कुल मिलाकर ऐसी चार सुविधाएं संचालित कर रहा है जो सभी प्रतिदिन चालू रहती हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि किम का लक्ष्य एक परमाणु शक्ति के रूप में मान्यता प्राप्त करना है ताकि वह संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने के लिए दबाव डाल सके और अंततः अपनी परमाणु क्षमता में आंशिक कमी के बदले में वाशिंगटन के साथ वार्ता में हथियार में कमी की मांग कर सके। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किम के साथ कूटनीतिक वार्ता फिर से शुरू करने की इच्छा बार-बार व्यक्त की है लेकिन उत्तर कोरियाई नेता ने अपनी शर्त स्पष्ट कर दी है। रिपोर्टों के अनुसार, किसी भी बातचीत के शुरू होने से पहले वाशिंगटन को परमाणु निरस्त्रीकरण (Denuclearisation) की अपनी मांग छोड़नी होगी।
किम जोंग उन ने बेटी के साथ देखा रॉकेट लॉन्चर का टेस्ट
किम जोंग उन ने अपनी टीनएज बेटी के साथ मिलकर कई रॉकेट लॉन्च सिस्टम के लाइव-फायर टेस्ट की निगरानी की। उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का जवाब देने की हाल में धमकी दी थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
