Nobel Prize 2026 Winner List: कैरोलिंस्का इंस्टीट्यूट की नोबेल समिति ने चिकित्सा क्षेत्र या कहें फिजियोलॉजी या मेडिसिन क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार की घोषणा की है। यह पुरस्कार कार्ल डिसेरोथ, पीटर हेगमैन और जॉर्ज नागेल को दिया गया है। इन तीनों वैज्ञानिकों को यह पुरस्कार लाइट-गेटेड आयन चैनलों और ऑप्टोजेनेटिक्स से जुड़ी उनकी खोजों के लिए दिया गया है।

नोबल पुरस्कार वेबसाइट के मुताबिक, कार्ल डेइसेरोथ अमेरिका के हावर्ड ह्यूजेस मेडिकल इंस्टीट्यूट और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं, पीटर हेगेमैन जर्मनी के हमबोल्ट यूनिवर्सिटी ऑफ बर्लिन में प्रोफेसर हैं। वहीं जॉर्ज नागेल भी जर्मनी के यूनिवर्सिटी ऑफ वुर्जबर्ग में कार्यरत हैं। इन तीनों वैज्ञानिकों ने न्यूरोसाइंस (तंत्रिका विज्ञान) में एक नए युग की शुरुआत की है।

क्यों दिया गया यह पुरस्कार?

चिकित्सा क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार ‘ऑप्टोजेनेटिक्स’ के लिए दिया गया है- यह एक ऐसा तरीका है जिससे यह पता लगाया जा सकता है कि जीवित दिमाग में नर्व सेल्स (तंत्रिका कोशिकाएं) यादों, भावनाओं और व्यवहार को कैसे आकार देती हैं।

पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल ने एक-कोशिका वाले शैवाल (alga) में ‘चैनलरोडोप्सिन’ (channelrhodopsin) नाम का एक खास प्रोटीन खोजा है। वहीं, कार्ल डेइसेरोथ ने इस प्रोटीन को नर्व सेल्स के लिए रोशनी से कंट्रोल होने वाले स्विच में तब्दील किया।

दशकों से दिमाग रहा है रहस्य

प्राणियों का दिमाग भावनाओं, व्यवहार और शरीर के कामों को कैसे कंट्रोल करता है, यह दशकों से एक रहस्य रहा है। 20वीं सदी में, वैज्ञानिकों ने यह पता लगाना शुरू किया कि दिमाग के कौन से हिस्से किन कामों पर असर डालते हैं, लेकिन इस्तेमाल किए गए तरीकों से वे इनके बीच सीधा कारण-प्रभाव वाला संबंध (causal relationship) साबित नहीं कर पाए। दिमाग की जो तस्वीर उन्होंने बनाई, वह एक रफ नक्शे जैसी थी, जिसमें बहुत सारे सवाल और अनजान बातें थीं। लेकिन अब यह सब बदल रहा है।

फिजियोलॉजी या मेडिसिन के लिए नोबेल कमेटी के चेयरमैन, पेर स्वेनिंगसन ने पुरस्कार की घोषणा के दौरान कहा, “ऑप्टोजेनेटिक्स दिमाग की मैपिंग (नक्शा बनाने) के ऐसे मौके देता है, जिनके बारे में हम कभी सिर्फ सपने ही देख सकते थे।”

कैसे शुरू हुई इस खोज की शुरुआत?

नोबेल पुरस्कार की वेबसाइट के मुताबिक, इस खोज की शुरुआत पीटर हेगेमैन की जिज्ञासा से हुई। पीटर को यह जानने की इच्छा हुई कि क्लैमाइडोमोनस (Chlamydomonas) नाम का एक-कोशिका वाला शैवाल प्रकाश के स्रोत की ओर कैसे तैर पा रहा है।

जानकारी दे दें कि 2000 के दशक की शुरुआत में, उन्होंने और जॉर्ज नागेल ने ‘चैनलरोडोप्सिन’ की खोज की। यह शैवाल का एक प्रोटीन है जिसमें खास गुण होते हैं और यह सेल की सतह पर पाया जाता है। जब इस पर नीली रोशनी डाली जाती है, तो प्रोटीन के जरिए एक चैनल खुल जाता है। इसके बाद चार्ज्ड आयन सेल के भीतर जाते हैं, जिससे एक इलेक्ट्रिकल सिग्नल पैदा होता है। उन्होंने पाया कि वे जिस भी सेल में यह प्रोटीन डालते थे, वे सेल्स रोशनी के प्रति संवेदनशील (light sensitive) हो जाते थे।

नर्व सिग्नल शुरू करने में कामयाब हुए कार्ल डेइसेरोथ

इसके बाद कार्ल डेइसेरोथ ने चूहों की नर्व सेल्स में चैनलरोडोप्सिन का जीन डाला। इसके बाद वे नीली रोशनी डालकर वे नर्व सिग्नल शुरू करने में कामयाब हुए। उन्होंने अपनी सबसे बड़ी खोज 2005 में पब्लिश की। दो साल बाद, उन्होंने नर्व सेल्स के लिए रोशनी से कंट्रोल होने वाले इस स्विच को जीवित चूहों के दिमाग में काम करने लायक बना दिया।

रोशनी से नर्व सिग्नल को कंट्रोल करने के इस तरीके को अब ‘ऑप्टोजेनेटिक्स’ कहा जाता है, और इसने तेजी से दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई है। ऑप्टोजेनेटिक्स का इस्तेमाल करके, रिसर्चर उन न्यूरल सर्किट का पता लगाने में कामयाब रहे हैं जो न्यूरोलॉजिकल और साइकियाट्रिक बीमारियों से जुड़ी खास यादों, भावनाओं और व्यवहारों को कंट्रोल करते हैं। क्लिनिकल मेडिसिन में, रिसर्चर इस तरीके का इस्तेमाल उन लोगों की नजर वापस लाने की कोशिश में कर रहे हैं जिन्हें देखने में परेशानी है।

यह भी पढ़ें: Nobel Peace Prize 2026: 287 नामांकन, बड़े-बड़े दावेदार, ट्रंप चाहते हैं नोबेल, कार्नी भी चर्चा में, अब स्पेस स्टेशन के नाम ने बढ़ाई दिलचस्पी

नोबेल शांति पुरस्कार 2026 को लेकर दुनिया भर में चर्चा तेज हो गई है। इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, यूक्रेन में बच्चों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता, सूडान की राहत टीमें और दो अंतरराष्ट्रीय अदालतों के नाम चर्चा में हैं। लेकिन इन सबके बीच इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) का नाम सामने आना सबसे ज्यादा चौंकाने वाला है। एक्सपर्ट्स और भविष्यवाणी करने वालों के बीच इसे इस साल का एक अप्रत्याशित दावेदार माना जा रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें