इंडोनेशिया के मशहूर पर्यटन द्वीप बाली में इन दिनों पेट्रोल की किल्लत के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई पेट्रोल पंपों के बाहर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। हालात ऐसे हैं कि कुछ पेट्रोल पंपों पर ‘माफ कीजिए, ईंधन उपलब्ध नहीं है’ के बोर्ड तक लगा दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ईंधन की आपूर्ति में देरी, खराब मौसम और अचानक बढ़ी मांग के कारण यह स्थिति पैदा हुई है।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के अनुसार, बाली में रविवार से ही पेट्रोल पंपों के बाहर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। पेट्रोल भरवाने के लिए मोटरसाइकिल और कार चालक घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। कई जगहों पर वाहनों की कतारें आसपास की सड़कों तक पहुंच गई हैं, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
ईंधन की कमी नहीं, सप्लाई में आई दिक्कत
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बाली में पेट्रोल की किल्लत का मुख्य कारण ईंधन की कमी नहीं, बल्कि उसकी सप्लाई और वितरण में आई परेशानी है। इंडोनेशिया के ऊर्जा और खनिज संसाधन मंत्रालय में तेल एवं गैस महानिदेशक लाओडे सुलेमान ने बताया कि ईंधन लेकर आने वाले एक टैंकर में तकनीकी समस्या आ गई थी, जिसके कारण उसकी डिलीवरी में देरी हुई।
उन्होंने कहा कि टैंकर अब पहुंच चुका है और मंगलवार से 24 घंटे ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा, समुद्र में खराब मौसम और ऊंची लहरों के कारण भी डेनपासर के सांग्गरान और पूर्वी बाली के मंग्गिस टर्मिनल तक ईंधन पहुंचने में देरी हुई।
सस्ता पेट्रोल खरीदने के लिए उमड़ी भीड़
बाली में ईंधन की समस्या बढ़ने की एक बड़ी वजह सरकारी सब्सिडी वाला पेट्रोल खरीदने के लिए लोगों की बढ़ती मांग भी है। यहां मिलने वाला ‘पर्टालाइट’ पेट्रोल बिना सब्सिडी वाले ईंधन के मुकाबले काफी सस्ता है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग इसे खरीदने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं।
वहीं, पेट्रोल की कमी की आशंका से घबराए कई वाहन चालकों ने जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने की कोशिश की। इससे कुछ पेट्रोल पंपों पर दबाव और बढ़ गया। कई जगहों पर ईंधन खत्म होने के कारण पंप बंद करने पड़े और कर्मचारियों ने ईंधन उपलब्ध नहीं होने के नोटिस लगा दिए।

सात घंटे तक धूप में इंतजार करने को मजबूर लोग
पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारों ने स्थानीय लोगों और कारोबारियों की परेशानी बढ़ा दी है। बाली की अर्थव्यवस्था काफी हद तक पर्यटन पर निर्भर है, जहां रोजमर्रा के कामकाज से लेकर पर्यटकों की आवाजाही तक के लिए परिवहन बेहद जरूरी है।
स्थानीय निवासी मेड मार्लियांती ने बताया कि उन्हें पेट्रोल भरवाने के लिए करीब सात घंटे तक तेज धूप में इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस दौरान लोगों का काफी समय बर्बाद हो रहा है, जबकि उन्हें अपने दूसरे जरूरी काम करने चाहिए।
वहीं, फैशन स्टोर चलाने वाली फेबी मार्शा ने कहा कि अधिकारियों को हालात बिगड़ने से पहले ही बेहतर इंतजाम करने चाहिए थे। उनके मुताबिक, ईंधन उपलब्ध है, लेकिन इसकी आपूर्ति सीमित होने के कारण लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने भीड़ को व्यवस्थित करने और सप्लाई बेहतर तरीके से संभालने की जरूरत पर जोर दिया।
सरकार ने लोगों से की घबराने की अपील न करने की गुजारिश
बाली के गवर्नर आई वायन कोस्टर ने कहा कि ईंधन भंडारण केंद्रों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। हालांकि, टैंकरों के देर से पहुंचने और सड़कों पर जाम के कारण पेट्रोल पंपों तक ईंधन पहुंचाने में परेशानी हुई है। उन्होंने लोगों से घबराकर पेट्रोल खरीदने से बचने की अपील की और बताया कि द्वीप के अलग-अलग हिस्सों में अतिरिक्त ईंधन की आपूर्ति की जा रही है।
सरकारी ऊर्जा कंपनी पर्टामिना ने भी कहा कि वह ईंधन की उपलब्धता पर लगातार नजर रख रही है। कंपनी के मुताबिक, एक टैंकर के पहुंचने के बाद 1.8 करोड़ लीटर पर्टालाइट और 25 लाख लीटर पर्टामैक्स पेट्रोल की आपूर्ति की गई है। पर्टामैक्स बिना सब्सिडी वाला उच्च ऑक्टेन पेट्रोल है।
वैश्विक हालात के बीच ईंधन आयात की चुनौती
इंडोनेशिया में ईंधन की यह समस्या ऐसे समय सामने आई है, जब देश को वैश्विक स्तर पर ईंधन आयात और समुद्री परिवहन से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। मध्य पूर्व में तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर पड़ने वाले असर ने भी ईंधन की आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ाई हैं।
हालांकि, अधिकारियों ने बाली में मौजूदा संकट को मुख्य रूप से घरेलू वितरण व्यवस्था से जुड़ी समस्या बताया है। दूसरी ओर, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने महंगाई को नियंत्रित रखने और आम परिवारों की क्रय शक्ति को बचाने के लिए साल के अंत तक सब्सिडी वाले पेट्रोल की कीमतें स्थिर रखने का फैसला किया है।
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में हिंदुओं के खिलाफ नफरत की घटनाओं में 15 फीसदी की वृद्धि, गृह मंत्रालय के आंकड़ों से खुलासा
ब्रिटेन में हिंदुओं के खिलाफ नफरत की घटनाओं में वृद्धि हुई है। ब्रिटिश गृह मंत्रालय के डेटा से पता चला है कि ब्रिटेन में हिंदुओं को टारगेट करके धर्म से जुड़े हेट क्राइम में 15% की बढ़ोतरी हुई है। पुलिस ने मार्च 2025 से इस साल मार्च के बीच इंग्लैंड और वेल्स में कुल 146,825 हेट क्राइम रिकॉर्ड किए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
