न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा है कि उनका प्रशासन इसे लेकर विचार कर रहा है कि क्या इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गिरफ्तार किया जा सकता है? ममदानी ने यह बात एक इंटरव्यू में कही और इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि नेतन्याहू युद्ध अपराधी (वॉर क्रिमिनल) हैं और उन पर अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) द्वारा आरोप लगाए गए हैं। ममदानी ने कहा कि आईसीसी ने 2024 में नेतन्याहू पर युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराध करने के आरोप लगाए थे।

ममदानी ने कहा कि नेतन्याहू की जगह हेग में है। हेग में आईसीसी का मुख्यालय है।

कानून विभाग के साथ चल रही बातचीत

ममदानी ने हालांकि इस बात को स्वीकार किया कि वह इसे लेकर कुछ नहीं कह सकते कि क्या उनके पास इतने अधिकार हैं कि वह न्यूयॉर्क के पुलिस विभाग को किसी विदेशी नेता को हिरासत में लेने का आदेश दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में कानून विभाग के साथ उनकी बातचीत चल रही है।

ममदानी ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर का प्रशासन इस मामले में कानून के अनुसार ही आगे बढ़ेगा। इससे पहले भी जोहरान ममदानी ऐसी बात कह चुके हैं। उन्होंने आईसीसी के द्वारा वांछित नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर वारंट लागू करने के लिए पुलिस भेजने की बात कही थी।

इजरायल ने दी तीखी प्रतिक्रिया

ममदानी के बयान पर संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजदूत डैनी डैनन ने तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि मेयर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान देने के बजाय ममदानी इजरायल के खिलाफ शत्रुता बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि ऐसा करने से चीजें नहीं बदलेंगी। उन्होंने कहा कि बेंजामिन नेतन्याहू तय समय पर न्यूयॉर्क आएंगे और संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे।

यह भी पढ़ें- ‘ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होंगे’

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसे वह अपने जीवन का मिशन मानते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।