नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री ने गुरुवार को होने वाले चुनावों में मतदाताओं से भाग लेने का आह्वान किया। नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने सोमवार को मतदाताओं से नेपाल विधानसभा के लिए 5 मार्च को होने वाले चुनाव में भाग लेने का आह्वान किया। देश में पिछले साल हुए Gen Z विरोध प्रदर्शनों के बाद यह पहला चुनाव है।
राष्ट्र को संबोधित करते हुए नेपाली पीएम ने कहा कि नेपाल एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है। उन्होंने कहा, “आप सभी को वह समय याद होगा जब मैंने यह जिम्मेदारी संभाली थी। जेन-जी आंदोलन के बाद की स्थिति जटिल, संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण थी। सड़कों पर युवाओं में आक्रोश था, सबके मन में भय था और देश का भविष्य अनिश्चित था। हमारा पहला कर्तव्य उस कठिन परिवर्तन को संभालना, देश को हिंसा से दूर शांतिपूर्ण मार्ग की ओर ले जाना और उसे संवैधानिक ढांचे में वापस लाना था।”
हमने उस कठिन समय को पार कर लिया- नेपाली पीएम
कार्की ने टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में आगे कहा, “आज मुझे इस बात की संतुष्टि है कि हमने उस कठिन समय को पार कर लिया है और यहां तक पहुंच गए हैं। हमने कानून का शासन स्थापित करने और संवैधानिक मार्ग पर स्थिरता के साथ आगे बढ़ने में सफलता प्राप्त की है। यह उपलब्धि आप सभी नेपाली जनता के संयम और सहयोग का परिणाम है।”
नेपाली पीएम ने कहा,”देश को राजनीतिक स्थिरता और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए सभी मतदाताओं को आगामी चुनावों में भाग लेना चाहिए। मतदान केवल चुनाव चिन्ह पर मुहर लगाकर किसी को जीत दिलाना नहीं है। यह वह निर्णय है जो आप अपने और अपने बच्चों के भविष्य को आकार देने के बारे में लेते हैं। इसलिए, मैं आप सभी से विनम्र निवेदन करती हूं कि आप गुरुवार, 5 मार्च को अपने मतदान केंद्र पर जाएं, भले ही इसके लिए आपको अन्य काम छोड़ने पड़ें, अपना वोट डालें।”
नेपाल की पीएम ने कहा कि सुरक्षा में चूक रोकने के लिए चारों सुरक्षा एजेंसियां तैनात
कार्की ने राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से विशेष रूप से मौन अवधि के दौरान अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग, सुरक्षा एजेंसियों और सरकारी कर्मचारियों की तैयारियों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकार स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक को रोकने के लिए चारों सुरक्षा एजेंसियों को तैनात कर दिया गया है।
नेपाल में गुरुवार को चुनाव होने वाले हैं और सोमवार की आधी रात से मौन अवधि शुरू होने वाली है। ऐसे में कार्की ने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि हर वोट बदलाव लाएगा। नेपाल में 8 सितंबर 2025 के विद्रोह के बाद कई दिनों के विचार-विमर्श के बाद 12 सितंबर को सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था।
यह भी पढ़ें: नेपाल में बड़ा सड़क हादसा, त्रिशूली नदी में गिरी बस
नेपाल के धाडिंग जिले में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पोखरा से राजधानी काठमांडू आ रही एक यात्री बस पृथ्वी राजमार्ग पर गजुरी के पास त्रिशूली नदी में गिर गई। हादसा रात करीब डेढ़ बजे हुआ, जब बस काठमांडू से लगभग 90 किलोमीटर पश्चिम की ओर बढ़ रही थी।
(इनपुट- पीटीआई)
