म्यांमार की एक इमारत में धमाका हो गया, जिसमें कम से कम 45 लोगों के मारे जानें की खबर है। बचाव कर्मियों और स्वतंत्र मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्वोत्तर म्यांमार के नामखाम टाउनशिप में यह धमाका हुआ। इमारत में खनन कार्य के लिए विस्फोटक इकट्ठा करके रखे गए थे।
यह धमाका कौंगटुप गांव में दोपहर के करीब हुआ जिसमें लगभग 70 अन्य लोग घायल हो गए हैं।
यह इलाका, ता’आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी के कंट्रोल में हैं, जो म्यांमार की सरकार से लड़ रहा है। नामखाम टाउनशिप चीनी बॉर्डर से करीब 3 किमी दक्षिण में स्थित है। बताया जा रहा कि जमा करके रखे गए जेलिग्नाइट में धमाका हुआ है।
क्या है ये जेलिग्नाइट?
जानकारी दे दें कि जेलिग्नाइट का इस्तेमाल खनन और चट्टानों को तोड़ने (रॉक ब्लास्टिंग) में बड़े पैमाने पर किया जाता है, लेकिन समय बीतने के साथ और अगर इसे ठीक से स्टोर न किया जाए, तो यह धमाका कर सकता है।
70 से अधिक लोग हैं घायल
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, धमाके वाली जगह पर बचावकर्मी पहुंचे। एक बचावकर्मी ने बताया कि रविवार शाम तक 46 शव बरामद किए जा चुके हैं, इसमें बच्चे भी शामिल हैं। शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया है।
बचावकर्मी ने पहचान छिपाने की शर्त पर बताया कि 74 लोग घायल हैं जिन्हें टाउनशिप अस्पताल पहुंचाया गया है और अभी भी बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
नामखाम में एक अन्य बचावकर्मी ने पहचान छिपाने की शर्त पर कहा कि लगभग 40 लोग मारे गए हैं और धमाके वाली जगह के पास 100 से अधिक घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
म्यांमार के शान राज्य की ऑनलाइन ‘श्वे फी म्याए’ न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि मरने वालों की संख्या 50 से 55 के बीच है। उन्होंने ऐसी तस्वीरें और वीडियो पब्लिश किए, जिनमें धमाके से उठता धुआँ व क्षतिग्रस्त इमारतें और मलबा दिखाई दे रहा था।
चीन के सरकारी प्रसारक CCTV ने बताया कि इस धमाके के कारण कई लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए, तथा कई रिहायशी मकानों को भी भारी नुकसान पहुँचा; हालाँकि, उसने कोई आँकड़े नहीं बताए।
खनन के लिए जमा किया गया जेलिग्नाइट: ता’आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी
शुरुआती जांच के मुताबिक, यह धमाका उस जगह पर हुआ, जहां खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जमा करके रखी गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय अधिकारी इस समय प्रभावित निवासियों को राहत, चिकित्सा देखभाल और सहायता प्रदान कर रहे हैं।
ता’आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी, या TNLA ने अपने टेलीग्राम चैनल पर जारी एक बयान में कहा कि समूह के आर्थिक विभाग ने खनन और पत्थर की खदानों में इस्तेमाल के लिए जेलिग्नाइट जमा करके रखा था, और धमाके के कारणों की जांच चल रही है।
क्या है ये ता’आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी
TNLA विद्रोही गुट ‘थ्री ब्रदरहुड अलायंस’ का सदस्य है। जब से इस अलायंस और उसके सहयोगियों ने 2023 के आखिर में पूर्वोत्तर म्यांमार में सेना के खिलाफ बड़ा हमला शुरू किया, तब से यह नामखाम इलाके को अपने नियंत्रण किए हुए है। अलायंस के सदस्य और अन्य जातीय सशस्त्र समूह लंबे समय से आजादी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: म्यांमार कनेक्शन केस में छह यूक्रेनी और एक अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार, NIA को 11 दिन की रिमांड
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रचने के आरोप में सात विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इसमें छह यूक्रेनी नागरिकों और एक अमेरिकी नागरिक शामिल है। पिछले हफ्ते कई एनआईए टीमों ने यूएपीए की धारा 18 के तहत साथ ही अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की थीं। इस मामले में शुक्रवार शाम को एफआईआर दर्ज की गई। अमेरिकी नागरिक को कोलकाता एयरपोर्ट पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन द्वारा हिरासत में लिया गया और तीन-तीन यूक्रेनी नागरिकों को लखनऊ और दिल्ली के एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
