दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक ड्रोन के ईंधन टैंक से टकराने के बाद भीषण आग लग गई, जिसके चलते आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों ने उड़ानों को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद दुबई नागरिक सुरक्षा की टीमें घटनास्थल पर भेजी गईं और उन्होंने आग बुझाने का काम किया।
दुबई मीडिया ऑफिस ने X पर एक पोस्ट में कहा, “दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (DXB) के आसपास हुई एक ड्रोन घटना से ईंधन टैंकों में से एक प्रभावित हुआ है।” अधिकारियों ने बाद में बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। कार्यालय ने कहा, “दुबई नागरिक सुरक्षा दल ने दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित एक ईंधन टैंक पर हुए विस्फोट के कारण लगी आग को सफलतापूर्वक बुझा दिया है। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।”
एहतियात के तौर पर उड़ानें रोक दी गईं
दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने कहा कि सुरक्षा उपाय के तौर पर हवाई अड्डे पर उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। दुबई मीडिया कार्यालय ने X पर लिखा, “दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण सभी यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा करता है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी उड़ानों के संबंध में लेटेस्ट जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें। आगे की जानकारी उपलब्ध होते ही आधिकारिक चैनलों के माध्यम से घोषित की जाएगी।”
दुबई जाने वाली एमिरेट्स की फ्लाइट सुरक्षा कारणों से कोच्चि लौटी
दुबई जाने वाली एमिरेट्स की उड़ान सुरक्षा कारणों से कोच्चि लौटी। एमिरेट्स ने अपने बयान में कहा, “दुबई आने-जाने वाली सभी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। कृपया एयरपोर्ट पर न जाएं। एमिरेट्स उपलब्ध होने पर अपडेट शेयर करेगा। हम अपने ग्राहकों को उनकी समझ और धैर्य के लिए धन्यवाद देते हैं। हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”
अधिकारियों का कहना है कि संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात की ओर 1800 से अधिक मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। इनमें से अधिकांश मिसाइलों को वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा रोक दिया गया है।
होर्मुज पर ट्रंप की चेतावनी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर NATO के सदस्य देश होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के प्रयासों का समर्थन नहीं करते हैं तो नाटो का भविष्य बुरा हो सकता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
