Middle East Crisis: ईरान ने बुधवार को कहा कि उसे पश्चिम एशिया में संघर्ष को समाप्त करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ समझौते का MoU का प्रारंभिक ड्राफ्ट मिल गया है। इसमें कथित तौर पर कहा गया है कि यदि अमेरिकी सेनाएं ईरानी क्षेत्र से हट जाती हैं तो होर्मुज जलमार्ग का यातायात सामन्य हो जाएगा।

ईरान के सरकारी टीवी के हवाले से रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य कॉमर्शियल जलमार्ग फिर से शुरू हो सकता है। वहीं संयुक्त राज्य अमेरिका, ईरान के आसपास से सैन्य बलों को वापस बुला लेगा और नौसैनिक नाकाबंदी हटा लेगा।

समुद्री सहयोग और सत्यापन के लिए ढांचा

इस ड्राफ्ट के तहत सरकारी टीवी ने बताया कि इसमें सैन्य जहाजों को शामिल नहीं किया गया है और व्यापक रूप से तेहरान द्वारा ओमान के सहयोग से रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से वाणिज्यिक जहाजों के परिवहन का प्रबंधन करने की परिकल्पना की गई है।

हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि अनौपचारिक ढांचा अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है और ईरान “ठोस सत्यापन” के बिना कोई कदम नहीं उठाएगा। समझौते में यह भी कहा गया है कि यदि तेहरान और वाशिंगटन के बीच 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौता हो जाता है, तो इसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) द्वारा बाध्यकारी प्रस्ताव के रूप में स्वीकृत किया जा सकता है।

मध्यस्थता और बातचीत का असर

अमेरिका और ईरान के बीच उभर रहा समझौता ज्ञापन 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद शुरू हुई अप्रत्यक्ष वार्ता का परिणाम है और पाकिस्तान ने वार्ता आयोजित करने और उसे आगे बढ़ाने में एक केंद्रीय मध्यस्थ की भूमिका निभाई है।

फरवरी में ईरान और इजराइल के बीच संघर्ष बढ़ने के बाद युद्ध छिड़ गया जिससे होर्मुज के रास्ते होने वाली जहाजरानी बाधित हो गई और अमेरिकी सेना को इसमें शामिल होना पड़ा।

आत्मरक्षा के लिए फिर किए हमले

इससे पहले अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा था कि उसने ईरानी सेना से उत्पन्न खतरों से अमेरिकी सैनिकों की रक्षा के लिए मंगलवार तड़के दक्षिणी ईरान में आत्मरक्षा हमले किए। ईरानी मीडिया ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास बंदर अब्बास में विस्फोट हुए।

ये नए अमेरिकी हमले 8 अप्रैल को वाशिंगटन और तेहरान के बीच पाकिस्तान समर्थित युद्धविराम समझौते के बावजूद हुए हैं। ईरान ने दक्षिणी क्षेत्र में अमेरिकी हमलों के बाद जवाबी कार्रवाई की धमकी दी थी।

यह भी पढ़ें: कभी ‘डील पक्की’, कभी ‘समय लगेगा’… ईरान समझौते पर ट्रंप के यू-टर्न

डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया पर बदलते बयानों ने अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर कई विरोधाभासी पोस्ट किए जिसमें उन्होंने बताया कि ईरान के साथ समझौता होने के करीब है या हाथ से फिसल रहा है। पढ़िए पूरी खबर…