मैक्सिको के गुआनाजुआतो में एक बार में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग घायल बताए जा रहे हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने रॉयटर्स के हवाले से बताया कि हमले में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि गुआनाजुआतो इन दिनों कार्टेल हिंसा से पीड़ित है। ड्रग माफियाओं के बीच यहां आपसी विवाद के मामले अक्सर देखे देखे जा रहे हैं।
रॉयटर्स के मुताबिक गोलीबारी में मरने वालों में पांच पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। वहीं जो दो लोग घायल हैं, वो भी महिलाएं हैं। बता दें कि घायलों की हालत स्थिर है। हालांकि हमलावरों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य और संघीय अधिकारियों की इकाइयों के साथ-साथ नेशनल गार्ड को भी इस मामले की पड़ताल में शामिल किया जाएगा।
बता दें कि घटनास्थल पर दो पोस्टर भी छोड़े गए जोकि एक आपराधिक ग्रुप की तरफ से इशारा करते हैं। गुआनाजुआतो, जोक औद्योगिक केंद्र है, यहां पिछले महीने इरापुआटो शहर में एक बार में 12 लोगों की मौत हो गई थी। इसके पहले सितंबर महीने में हुई एक गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई थी।
मालूम हो कि मेक्सिको के राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज़ ओब्रेडोर ने कार्टेल हिंसा को कम करने का वादा करते हुए 2018 में अपना पदभार ग्रहण किया। हालांकि हिंसा पर पूरी तरह से विराम लग गया हो, ऐसा दिखाई नहीं दे रहा है। हालांकि 2022 में हत्याओं में थोड़ी गिरावट आई है लेकिन लोपेज़ ओब्रेडोर का कार्यकाल आधुनिक इतिहास में सबसे घातक होने की राह पर दिखाई दे रहा है।
अमेरिका में भी गोलीबारी की घटनाएं आ रही हैं सामने:
बता दें कि अमेरिका में भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। बीते 6 नवंबर की रात को फिलाडेल्फिया के केंसिंग्टन और एलेघेनी के इलाके में एक बार के बाहर गोलीबारी की घटना हुई थी। इसमें 12 लोगों को गोली लगने से गंभीर चोटें आई थीं।