बांग्लादेश की सत्ता में दो दशक बाद वापसी करने वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के सांसदों ने अहम फैसला लिया है। सांसदों ने कहा है कि वे ड्यूटी फ्री गाड़ियां या सरकारी प्लॉट को स्वीकार नहीं करेंगे। सांसदों की ओर से यह फैसला मंगलवार को आयोजित हुई बीएनपी की संसदीय दल की बैठक के दौरान लिया गया।
बीएनपी की मीडिया सेल के सदस्य शायरुल कबीर खान ने इस बात की जानकारी दी। बीएनपी सरकार के गठन के बीच ही नए मंत्रियों के लिए 45 सरकारी गाड़ियां तैयार की गई हैं।
तारिक रहमान को दिलाई शपथ
मंगलवार को ही राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने तारिक रहमान (60) को जातीय संसद के ‘साउथ प्लाजा’ में प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी ने आम चुनावों में शानदार जीत हासिल की है।
बीएनपी ने 297 में से 209 सीटें जीतीं जबकि कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 13वें संसदीय चुनावों में 68 सीटें हासिल कीं।
तारिक रहमान के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का 18 महीने से जारी शासन समाप्त हो गया। इस दौरान बांग्लादेश में राजनीतिक अनिश्चितता और अराजकता की स्थिति रही थी।
दृष्टिकोण: शेख हसीना का तख्तापलट करने वालों को बांग्लादेश की जनता ने नकार दिया
शपथ ग्रहण के बाद तारिक रहमान ने पद और गोपनीयता की शपथ वाले दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री के पद पर उनका कार्यकाल पांच वर्षों का होगा। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बेटे तारिक रहमान 17 सालों तक निर्वासन में लंदन में रहने के बाद दो महीने पहले ही बांग्लादेश लौटे थे। खालिदा जिया का पिछले साल 30 दिसंबर को निधन हो गया था।
राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने 25 मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। कार्यक्रम में भारत और पाकिस्तान सहित पड़ोसी देशों के कई नेता उपस्थित थे। तारिक रहमान के नए मंत्रिमंडल में अल्पसंख्यक समुदाय के दो सदस्यों- हिंदू समुदाय से आने वाले निताई रॉय चौधरी तथा बौद्ध धर्मावलंबी दीपेन दीवान को शामिल किया गया है।
अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के कारण शेख हसीना की अगुवाई वाली अवामी लीग की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी।
कौन हैं हिंदू समुदाय के निताई रॉय चौधरी
बांग्लादेश में नई सरकार का गठन हो गया है। तारिक रहमान ने हिंदू सांसद निताई रॉय चौधरी को तारिक रहमान मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। कौन हैं निताई रॉय चौधरी, क्लिक कर जानिए।
