अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। 9 लोगों को लेकर जा रहा एक प्राइवेट जेट अचानक आसमान से नीचे गिर गया और आग के बड़े गोले में बदल गया। विमान सड़क के पास एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे में विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। अमेरिका के परिवहन सचिव (Transportation Secretary) ने इस जानकारी की पुष्ट की।
फ्लोरिडा में अपनी गाड़ियों में मौजूद लोगो ने इस खौफनाक मंजर को अपने कैमरे में कैद किया। बहामास जा रहा यह विमान आसमान से नीचेकी ओर गिरा और सड़क पर ब्लास्ट हो गया। गड्ढे के आसपास बिखरे डामर और गिट्टी (सड़क के टुकड़ों) के चारों ओर लपटें उठ रही थीं। लोग इस बात से हैरान थे कि विमान घरों से महज कुछ फीट और गुजरते हुए वाहनों से बहुत मामूली दूरी पर गिरा। दुर्घटनास्थल पर घना काला धुआं छा गया।
जोरदार धमाके के साथ विमान हुआ क्रैश
वीडियो में देखा जा सकता है कि बहामास जा रहा विमान अचानक आसमान से नीचे गिरता है और सड़क के पास जमीन से टकराकर जोरदार धमाके के साथ फट जाता है। हादसे के बाद वहां आग की लपटें उठने लगीं और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
हादसे वाली जगह पर सड़क पर मलबा बिखरा हुआ था। आसपास मौजूद लोग यह देखकर हैरान थे कि विमान घरों से कुछ ही फीट की दूरी पर गिरा। इतना ही नहीं वहां से गुजर रही गाड़ियों के भी विमान की चपेट में आने का खतरा था। परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि लियरजेट 60 विमान दोपहर 12:50 बजे पाम बीच काउंटी में क्रैश हुआ। उन्होंने इस हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि जांच में मदद के लिए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की एक टीम भेजी जा रही है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) हादसे की जांच करेगा।
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के घायल होने या मारे जाने की खबर नहीं है। डेसेंटिस ने घटनास्थल पर पत्रकारों से कहा, “यह बहुत भयानक विमान हादसा था। विमान ऐसा लग रहा था जैसे कोई मिसाइल आसमान से नीचे गिर रही हो। सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बन गया।”
रविवार को इस इलाके में तेज बारिश हो रही थी। नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, भारी बारिश के कारण सोमवार दोपहर तक बाढ़ की चेतावनी जारी की गई थी।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। यह बहामास जा रहा था। अधिकारियों ने शुरुआत में यह नहीं बताया कि विमान किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ और उसमें कौन-कौन लोग सवार थे।
हादसे से पहले विमान 35000 फीट (करीब 11 किलोमीटर) की ऊंचाई पर पूर्व दिशा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पायलटों ने खराब मौसम, बर्फ जमने और बारिश की जानकारी दी। उन्होंने विमान को 2000 फीट (करीब 610 मीटर) और ऊपर ले जाने की अनुमति मांगी।
तेजी से नीचे गिरा और हुआ क्रैश
इसके कुछ ही देर बाद विमान तेजी से नीचे गिरने लगा। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान पहले हर मिनट 10000 फीट, फिर 20000 फीट और आखिर में 30000 फीट की रफ्तार से नीचे आने लगा। इस दौरान विमान की गति उसकी तय तकनीकी सीमा से भी ज्यादा हो गई।
पायलट ने इमरजेंसी घोषित करते हुए मदद के लिए संदेश भेजे। जमीन पर गिरने से पहले विमान अचानक दाईं ओर मुड़ा और फिर तेजी से नीचे आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
LiveATC.net पर उपलब्ध एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग के मुताबिक, हादसे से कुछ मिनट पहले पायलट ने बताया था कि विमान पर बर्फ जम रही है और तेज झटके देने वाली हवा चल रही है। इसकी वजह से विमान की ऊंचाई में करीब 700 फीट तक का उतार-चढ़ाव हो रहा था।
पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया था, “विमान पर हल्की और साफ बर्फ जम रही है जिसे संभालना संभव है। साथ ही मध्यम स्तर की टर्बुलेंस (हवा के तेज झटके) भी है।”
हालांकि कुछ ही देर में हालात बिगड़ गए। बारिश और खराब मौसम का सामना करने के बाद पायलट ने विमान को और ऊपर ले जाने की अनुमति मांगी। इसी दौरान विमान तेजी से नीचे गिरने लगा। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने इमरजेंसी घोषित कर दी।
पायलट ने मेडे, मेडे का दिया कॉल
पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को रेडियो संदेश में कहा, “हम 8,000 फीट की ऊंचाई पर नीचे जा रहे हैं… मेडे, मेडे… हम हर मिनट 10000 फीट की रफ्तार से नीचे गिर रहे हैं।”
इसके बाद पायलट ने कहा, “विमान की रफ्तार नियंत्रण से बाहर हो गई है और हम हर मिनट 20000 फीट की गति से नीचे आ रहे हैं।” कुछ ही देर बाद पायलट ने कहा, “हम जमीन से टकराने वाले हैं।”
ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि यह एक निजी विमान था। हालांकि उन्होंने विमान में सवार लोगों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी।
हादसे की जांच के बीच पाम बीच काउंटी प्रशासन आसपास की एक मोबाइल होम कॉलोनी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे वाली सड़क को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा।
पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा फ्लोरिडा के ग्रीनएकर्स शहर में हुआ। करीब 45 हजार की आबादी वाला यह शहर वेस्ट पाम बीच से लगभग 7 मील (11 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।
