कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में भीषण गोलीबारी की खबर आई है। इस गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 25 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए पास के ही मेडिकल सेंटर में एडमिट करवाया गया है। बताया जा रहा है कि गोली चलाने वाले हमलावर की भी मौत हो चुकी है।
पुलिस ने गोलीबारी को लेकर क्या बताया?
मीडिया से बात करते हुए पुलिस ने बताया है कि ब्रिटिश कोलंबिया के पीस क्षेत्र में टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल है जहां मंगलवार दोपहर गोलीबारी हुई। पुलिस के मुताबिक उन्हें एक इमरजेंसी मैसेज भी मिला था जिसमें एक संदिग्ध को लेकर काफी कुछ बताया गया। उस मैसेज में कहा गया था कि एक भूरे बालों वाली महिला देखी गई है। पुलिस को लग रहा है कि इस हमले में उस संदिग्ध महिला की भूमिका हो सकती है।
पुलिस ने यह जानकारी भी दी है कि जब फोर्स मौके पर पहुंची तो उन्हें स्कूल परिसर में छह लोग मृत मिले थे, वहीं एक अन्य शख्स की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। एक पास के घर में भी पुलिस को दो शव मिले हैं जिन्हें इसी मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। अभी के लिए पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गोलीबारी में सिर्फ एक हमलावर शामिल था या फिर ज्यादा लोग थे।
कनाडा में शूटिंग के आंकड़े क्या कहते हैं?
वैसे कनाडा में मास शूटिंग का इतिहास पुराना रहा है, लेकिन पिछले कुछ सालों में ऐसे मामलों में कमी देखने को मिली है। कनाडा पुलिस ने ही जो आंकड़े जारी किए हैं वो इस बात की तस्दीक भी करते हैं। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक कनाडा में 2023 में बंदूक से जुड़े हिंसक अपराधों की संख्या 14,416 रही थी। दूसरे शब्दों में कहें तो एक लाख लोगों पर औसतन 37 मामले सामने आए थे। लेकिन 2022 की तुलना में इन अपराधों में 1.7 फीसदी की कमी देखने को मिली थी।
ये भी पढ़ें- पुतिन के उप विदेश मंत्री का ट्रेड डील पर बड़ा बयान
