लंदन के यहूदी बहुल इलाके गोल्डर्स ग्रीन में बुधवार को चाकू से हमला हुआ, जिसमें दो यहूदी लोग घायल हो गए। हमले की जानकारी नॉर्थ वेस्ट लंदन शोम्रिम, कम्युनिटी सिक्योरिटी ट्रस्ट और मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने दी। हमलावर को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। 45 वर्षीय आरोपी सड़क पर दौड़ते हुए यहूदियों पर हमला करने की कोशिश कर रहा था, जिसे बाद में शोम्रिम के स्वयंसेवकों और पुलिस ने मिलकर काबू में किया।
द जेरूसलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस के पहुंचने पर आरोपी ने अधिकारियों पर भी हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद उसे टेजर का इस्तेमाल कर गिरफ्तार किया गया। मेट्रोपॉलिटन पुलिस प्रमुख मार्क रोवली ने कहा, “ अधिकारी हथियार से लैस नहीं थे। उन्हें शक था कि आरोपी के पास विस्फोटक हो सकता है। उन्होंने समय पर कार्रवाई नहीं की होती तो नतीजा क्या होता, यह सोचना भी मुश्किल है।”
हमले में घायल दोनों लोगों 76 वर्षीय नखमन मोशे बेन चाया सारा और 34 वर्षीय मोशे बेन बैला को मौके पर इलाज दिया गया। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। घटना में किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई।
आरोपी को गिरफ्तारी के दौरान दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उसका मौके पर इलाज किया गया। पुलिस के अनुसार, उसका हिंसक गतिविधियों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा पुराना इतिहास रहा है। फिलहाल इस मामले की जांच काउंटर टेररिज्म पुलिस कर रही है। इसे औपचारिक रूप से आतंकवादी घटना घोषित किया गया है। पिछले सात महीनों में ब्रिटेन में यह यहूदी समुदाय पर दूसरा घोषित आतंकी हमला है।
एक कथित ईरानी समर्थित संगठन हरकत अशाब अल-यमीन अल-इस्लामिया (HAYI) ने एक वीडियो जारी कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि पुलिस ने इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीयर स्टारमर ने इस घटना को “गंभीर रूप से चिंताजनक” बताया और कहा कि ऐसे अपराधों से सख्ती से निपटना जरूरी है। उन्होंने स्थिति की समीक्षा के लिए कोबरा बैठक भी बुलाई है।
लंदन के मेयर सादिक खान ने स्वयंसेवकों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि समाज में यहूदी विरोध के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल के महीनों में यूके में यहूदी समुदाय और संबंधित संस्थानों पर हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
यह भी पढ़ें – डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन से 1.5 घंटे की फोन पर बात, ईरान समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर डेढ़ घंटे बात की। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान युद्ध और यूक्रेन में सीजफायर पर बात की है। पूरी खबर पढ़ें….
