अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने म्यांमा में आंग सांग सू की की ओर से चलाई जा रही असैन्य सरकार के तहत वहां हुए बदलावों को उल्लेखनीय करार देते हुए कहा कि यह वैश्विक लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करेगा। सू की और उनके प्रशासन के इसी साल मार्च में कार्यभार संभालने के बाद उनके साथ पहली उच्च स्तरीय बैठक में केरी ने नोबेल पुरस्कार विजेता से कहा कि दशकों के सैन्य शासन के बाद उनके देश के लोकतंत्र की ओर बढ़ने से उम्मीद की एक किरण जगी है।
राजधानी नेपिदाव में सू की के साथ मौजूद केरी ने कहा कि ‘हम उस लोकतांत्रिक परिवर्तन का मजबूती के साथ समर्थन करते हैं जो यहां हो रहा है।’ यह मुलाकात अमेरिका की ओर से म्यामां से कई वित्तीय और व्यापार प्रतिबंधों को हटाए जाने के बाद हुई है। अमेरिका ने म्यामां में नाटकीय राजनीतिक परिवर्तन के चलते प्रतिबंध हटाए थे। देश में राजनीतिक बदलाव के कदमों के चलते सू की और उनकी पार्टी ने दशकों के जुंटा शासन के बाद हुए ऐतिहासिक चुनावों में भारी जीत दर्ज की थी। सू की देश की विदेश मंत्री भी हैं। जुंटा ने उन्हें राष्ट्रपति बनने से रोकने के लिए संविधान में नियम बना दिया था।
जुंटा के इस कदम के बावजूद सू की के लिए स्टेट काउंसलर का नया पद सृजित किया गया जिससे कि वह सरकार का संचालन कर सकें। म्यामां के राष्ट्रपति लंबे समय तक सू की के सहयोगी रहे ह्तिन काव हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, केरी की म्यामां की संक्षिप्त यात्रा लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित नई,असैन्य सरकार के प्रति समर्थन व्यक्त करने के लिए हो रही है।