Blue Origin द्वारा विकसित किया गया न्यू ग्लेन रॉकेट में गुरुवार को फ्लोरिडा में एक परीक्षण के दौरान विस्फोट हो गया। कंपनी ने इस घटना को ‘एनॉमली’ यानी असामान्य घटना बताया। कंपनी ने बताया कि हादसे के समय मौजूद सभी कर्मचारियों और स्टाफ की सुरक्षा की पुष्टि कर ली गई है यानी कोई लापता नहीं है। साथ ही, जैसे-जैसे घटना के बारे में नई जानकारी मिलेगी, कंपनी लोगों को अपडेट देती रहेगी।

ई-कॉमर्स दिग्गज अमेज़न के मालिक भी और ब्लू ओरिजिन के संस्थापक जेब बेज़ोस ने भरोसा दिलाया कि परीक्षण अभियान में शामिल सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा, ”अभी यह जानना जल्दबाज़ी होगी कि मूल कारण क्या था लेकिन हम इसकी जांच में जुट गए हैं। यह बेहद कठिन दिन रहा लेकिन जिस भी चीज को दोबारा बनाना पड़ेगा, हम बनाएंगे और फिर से उड़ान भरेंगे।”

विस्फोट को एयरोस्पेस समाचार मंच NSF के लाइवस्ट्रीम में कैद किया गया जिसमें आग का विशाल गुबार उठता दिखाई दिया। केप कैनावेरल (Cape Canaveral) और कोकोआ बीच (Cocoa Beach) के निवासियों ने The Guardian को बताया कि रात करीब 9 बजे उनके घर हिलने लगे थे। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इस धमाके को ‘मिनी-न्यूक’ यानी छोटे परमाणु विस्फोट जैसा बताया।

समुद्र तट से दिखाई देने वाला लॉन्च कॉम्प्लेक्स 36, केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन में स्थित है। जल्द ही सोशल मीडिया पर यहां की तस्वीरें वायरल हो गईं। तस्वीरों में चमकता हुआ नारंगी रंग का विशाल आग का गोला दिखाई दे रहा था। आपातकालीन अधिकारियों ने कहा कि धुएं या किसी अन्य संभावित खतरे से लोगों को कोई जोखिम नहीं है।

जांच का आदेश

Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, Blue Origin का यह परीक्षण अमेज़न के लिए उपग्रहों के एक बैच को लॉन्च करने की तैयारी के तहत किया जा रहा था। यह प्रोजेक्ट एलन मस्क की कंपनी SpaceX के स्टारलिंक सैटेलाइट नेटवर्क को चुनौती देने वाली थी। समाचार वेबसाइट ने अमेज़न के एक प्रवक्ता के हवाले से बताया कि विस्फोट के समय लॉन्च वाहन में कोई उपग्रह मौजूद नहीं था।

यह घटना अमेज़न के संस्थापक जेफ बेज़ोस द्वारा स्थापित ब्लू ओरिजिन के लिए एक और बड़ी चुनौती मानी जा रही है। अप्रैल में, Federal Aviation Administration (FAA) ने न्यू ग्लेन रॉकेट की उड़ानों पर रोक लगा दी थी और कंपनी को इंजन से जुड़ी समस्या की जांच करने का निर्देश दिया था। FAA ने तुरंत यह स्पष्ट नहीं किया कि ताज़ा विस्फोट के बाद कोई नई जांच शुरू की जाएगी या नहीं।

यह झटका ऐसे समय में लगा है जब कुछ ही दिन पहले NASA ने इस साल प्रस्तावित तीन मानवरहित चंद्र मिशनों में से पहले मिशन के लिए ब्लू ओरिजिन को चुना था जबकि SpaceX भी दौड़ में शामिल थी। यह मिशन लगभग 20 अरब डॉलर की लागत वाले चंद्र आधार (Moon Base) बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

‘ब्लू ओरिजिन’ और ‘स्पेसएक्स’ भविष्य के आर्टेमिस मिशनों के लिए क्रू लैंडर उपलब्ध कराने की दौड़ में शामिल हैं। The Guardian की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें Artemis IV भी शामिल है जिसका मकसद 2028 तक इंसानों को दोबारा चांद पर भेजना है।

दोनों कंपनियों ने कैनेडी स्पेस सेंटर और केप कैनावेरल के आसपास अपने संचालन का विस्तार किया है। यहां NASA के मानवयुक्त और कार्गो कार्यक्रमों को सपोर्ट देने के लिए नई सुविधाएं विकसित की गई हैं।

एलन मस्क ने विस्फोट के बाद तुरंत अपनी सोशल मीडिया साइट X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, ”बेहद दुर्भाग्यपूर्ण। रॉकेट बनाना आसान नहीं होता।” जेफ बेज़ोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन अपने स्पेस टूरिज्म अभियानों को लेकर भी चर्चा में रही है। पिछले साल अप्रैल में कंपनी ने पूरी तरह महिलाओं की एक सेलिब्रिटी टीम को अंतरिक्ष में भेजा था जिसमें टीवी होस्ट गेल किग और पॉप सिंगर कैटी पेरी भी शामिल थीं।