जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का रविवार को अंतिम संस्कार होने वाला है। उनके अंतिम संस्कार में आने वाले खर्च को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। कहा जा रहा है कि उनके अंतिम संस्कार में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के फ्यूनरल से भी ज्यादा खर्च किया जाएगा। शिंजो आबे के अंतिम संस्कार को लेकर काफी सवाल भी उठ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जापान की सरकार इस आयोजन पर लगभग 1.66 बिलियन येन खर्च करेगी, जिसे लेकर कहा जा रहा है कि यह आंकड़ा महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार के खर्च से भी अधिक है। बता दें कि इसी साल जुलाई में शिंजो आबे की हत्या कर दी गई थी।
आबे के अंतिम संस्कार में आने वाले इस बड़े खर्च पर विवाद ने जापान में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कई लोगों ने इस आयोजन का विरोध किया है। रिपोर्ट में कहा गया कि महारानी एलिजाबेथ के अंतिम संस्कार के खर्च से तुलना करने से पता चलता है कि पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के अंतिम संस्कार की अनुमानित लागत लगभग 1.3 बिलियन येन है। वहीं, देश की जनता ने भी इस खर्च को लेकर काफी चिंता व्यक्त की है क्योंकि थोड़े समय पहले ही जापान ने टोक्यो ओलंपिक पर 13 अरब डॉलर खर्च किए हैं, जो इस आयोजन के लिए अनुमानित बजट से लगभग दोगुना था।
आबे के अंतिम संस्कार के आयोजन की जिम्मेदारी टोक्यो स्थित कार्यक्रम आयोजक मुरायामा को दी गई है। द गार्जियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जापान की सरकार ने राजकीय अंतिम संस्कार की अनुमानित लागत 250 मिलियन येन रखी थी। मुख्य कैबिनेट सचिव हिरोकाज़ु मात्सुनो के अनुसार, इस आयोजन की पुलिसिंग पर लगभग 800 मिलियन येन खर्च होने का अनुमान है, जबकि गणमान्य व्यक्तियों की मेजबानी पर 600 मिलियन येन खर्च होने की उम्मीद है।
उन्होंने आगे कहा कि अंतिम संस्कार का बिल 1.7 बिलियन येन तक पहुंच सकता है। इस हफ्ते की शुरुआत में एक व्यक्ति ने शिंजो आबे के लिए राजकीय अंतिम संस्कार की योजना का विरोध करते हुए जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के कार्यालय के पास खुद को आग लगा ली थी।