इजरायल ने शनिवार को ईरान में कई जगहों पर अटैक कर दिया। दोनों देशों में कई दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई थी, लगातार आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी था। इस बीच नेतन्याहू की सेना ने ईरान पर एयर स्ट्राइक किया। कई जगहों पर धमाकों की खबर है। ईरान के आसमान में धुएं का गुबार दिख रहा है।

‘सावधानी बरतें और हर समय चौकन्ने रहें’

दोनों देशों में जारी तनाव के बीच तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने इजरायल में भारतीय नागरिकों से “बहुत सावधानी” बरतने और चौकन्ना रहने की अपील की है। इजराइल में भारतीय दूतावास ने एक एक्स पोस्ट में भारतीयों से कहा है – “इस इलाके में मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए, इजरायल में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे बहुत सावधानी बरतें और हर समय चौकन्ने रहें।”

एक्स पर अपने पोस्ट में भारतीय दूतावास ने कहा है कि भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे इजराइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा गाइडलाइन और निर्देशों का सख्ती से पालन करें। अपडेटेड निर्देश यहां देखे जा सकते हैं: https://oref.org.il/eng>

‘सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचें’

एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी भारतीय नागरिकों को तय शेल्टर के पास रहना चाहिए और अपने रहने या काम करने के इलाके में सबसे पास की सुरक्षित जगहों के बारे में पता होना चाहिए। भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अगली सूचना तक इजराइल के अंदर सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचें।

एक्स पोस्ट के मुताबिक नागरिकों को लोकल न्यूज, ऑफिशियल घोषणाओं और इमरजेंसी अलर्ट पर रेगुलर नजर रखने के लिए कहा गया है। वहीं, किसी भी इमरजेंसी में, भारतीय नागरिक 24×7 हेल्पलाइन के जरिए तेल अवीव में भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। पोस्ट में कहा गया है कि दूतावास संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार जुड़ा हुआ है और जरूरत पड़ने पर अपडेट जारी करता रहेगा।

गौरतलब है कि इजरायल की इस कार्रवाई के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में जबरदस्त तनाव की स्थिति है और ईरान ने तत्काल प्रभाव से इमरजेंसी घोषित कर दी है।

अमेरिका द्वारा भी लगातार ईरान को धमकी दी जा रही थी, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी साफ कर चुके थे कि अगर बातचीत सफल नहीं हुई तो ईरान पर हमला किया जा सकता है। अब इस बीच इजरायल ने यह बड़ा हमला कर दिया है। वहीं, इजराइल ने शनिवार को अपना एयरस्पेस बंद कर दिया।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार एयरस्पेस बंद होने की वजह से, दिल्ली और तेल अवीव के बीच चलने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट्स पर असर पड़ा। दिल्ली से तेल अवीव जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI139 और TLV से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट AI140 पर असर पड़ा है, क्योंकि तेहरान फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन (FIR) आज 1200 UTC तक कुछ समय के लिए बंद है।

एयरलाइन ने कन्फर्म किया है कि AI139, जो 28 फरवरी को दिल्ली से तेल अवीव के लिए निकली थी, इज़रायली एयरस्पेस बंद होने की वजह से भारत लौट रही है।