रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन खाड़ी क्षेत्र में संकट को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी कि वह क्षेत्रीय नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद तेहरान खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों और बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर हमले कर रहा है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता पेस्कोव ने कहा, ”राष्ट्रपति पुतिन तनाव को कम करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस संबंध में हमने कल अपने लगभग सभी वार्ताकारों से चर्चा की।” उन्होंने कहा, ”ईरानी नेतृत्व के साथ कायम संवाद का लाभ उठाते हुए राष्ट्रपति पुतिन ईरान में हमारे सहयोगियों को उनके बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों के संबंध में अपनी गहरी चिंता से अवगत कराएंगे।”
पुतिन ने कई देशों के नेताओं से फोन पर बात की
क्रेमलिन के अनुसार, पुतिन ने बहरीन, कतर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब के नेताओं से फोन पर बात की। सऊदी अरब के शेख मोहम्मद बिन सलमान के साथ फोन पर हुई बातचीत में पुतिन ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी-इजरायली हमले के परिणामस्वरूप क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति पर चर्चा की। क्रेमलिन ने कहा, ”दोनों पक्षों ने संघर्ष के बढ़ने के वास्तविक खतरों पर गंभीर चिंता व्यक्त की, जिसने पहले ही कई अरब देशों को प्रभावित किया है और जिसके विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं। इस संदर्भ में, व्लादिमीर पुतिन ने राजनीतिक और राजनयिक माध्यमों से मौजूदा स्थिति के समाधान की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।”
पाकिस्तान युद्ध को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा- इशाक डार
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने मंगलवार को कहा कि युद्ध शुरू होने के समय वह सऊदी अरब और ईरान के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में थे। डार ने इस्लामाबाद में मीडिया को बताया कि जब संघर्ष शुरू हुआ, उस वक्त वह इस्लामी सहयोग संगठन की बैठक में भाग लेने के लिए सऊदी अरब में थे। जिसके बाद उन्होंने सऊदी अरब और ईरान के विदेश मंत्रियों से संपर्क किया। डार ने यह भी कहा कि पाकिस्तान युद्ध को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इशाक डार ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से उन्होंने तुर्की, बांग्लादेश, फलस्तीन, ईरान, उज्बेकिस्तान, सऊदी अरब, कतर, ओमान, इराक, बहरीन और अजरबैजान के विदेश मंत्रियों, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपप्रधानमंत्री और यूरोपीय संघ (ईयू) के उपाध्यक्ष से फोन पर बातचीत की है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
