Israel Elections Result 2026: इजरायल में अभी तक करीब 90% वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। रुझानों के अनुसार, इजरायली संसद की 120 सीटों में से 53 पर बेंजामिन नेतनयाहू का गठबंधन जीत दर्ज कर सकता है। इसके अलावा यशार पार्टी के अध्यक्ष गादी आइसेनकोट के नेतृत्व वाला गुट 48 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

अभी तक ये दोनों ही गठबंधन बहुमत के आंकड़े से दूर दिखाई दे रहे हैं। इजरायल में सरकार बनाने के लिए 61 सीटों का होना जरूरी है। ऐसे में अरब पार्टियां किंग मेकर बनकर उभर सकती हैं। इस चुनाव में इजरायल की दो अरब पार्टियों को कुल 19 सीटें मिलने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो यह रिकॉर्ड होगा। इससे पहले अरब पार्टियों ने अधिकतम 15 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

गलत साबित हो रहे एग्जिट पोल?

इजरायल के रुझानों से जो तस्वीर उभरी है, उससे वहां के मेन स्ट्रीम मीडिया द्वारा जारी किए गए एग्जिट पोल्स पर सवाल खड़े हुए हैं।

एग्जिट पोल्स में यशार पार्टी के अध्यक्ष गादी आइसेनकोट के नेतृत्व वाले गठबंधन को लीड मिलने का अनुमान जताया गया था। हालांकि अब जब 10% वोटों की गिनती ही बाकी है, इजरायल में दोनों बड़े गठबंधन बहुमत से काफी दूर नजर आ रहे हैं।

क्या बोले दोनों गठबंधनों के नेता?

टाइम्स ऑफ इजरायल की खबर के अनुसार, बेंजामिन नेतन्याहू और गादी आइसेनकोट ने एग्जिट पोल्स के बाद अगली सरकार बनाने वाली बातें कही थीं लेकिन अब स्थिति स्पष्ट नजर नहीं आ रही है। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल में यहूदियों और Zionists को एकजुट होना होगा। सिर्फ इसी तरह इजरायल के भविष्य को सुरक्षित किया जा सकता है।

दूसरी तरफ गादी आइसेनकोट ने कहा कि इजरायल की जनता बदलाव चाहती है। वर्तमान गठबंधन सरकार पर लोगों का विश्वास नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि लोग नहीं चाहते कि बेंजामिन नेतन्याहू प्रधानमंंत्री बने रहें। उन्होंने कहा कि वो एक ऐसी zionist सरकार बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देंगे, जो सभी को सेना में भर्ती करे।

यह भी पढ़ें: इजरायल में अब तक कोई भी पार्टी अपने दम पर क्यों नहीं बना पाई सरकार, क्या इस बार बदलेगा इतिहास? EXPLAINED