इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में 900 साल पुराने ब्यूफोर्ट किले और आसपास की पहाड़ियों पर कब्जा कर लिया है। इजरायल अधिकारियों की ओर से रविवार को किले पर इजरायल का झंडा लहराया।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स और एपी की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली सेना ने रविवार को दावा किया कि लिटानी नदी के पार अपने अभियान का विस्तार करने के बाद उसने दक्षिणी लेबनान में 900 साल पुराने ब्यूफोर्ट किले (कलात अल-शकीफ) और रणनीतिक पहाड़ी पर कब्जा कर लिया है।

इजरायली सेना ने जारी किया बयान

इजरायल की सेना ने अपने एक बयान में कहा कि यह कब्जा 25 साल से भी अधिक समय में लेबनान में उनकी सबसे गहरी घुसपैठ है। नबातीयेह शहर के पास स्थित इस किले पर आखिरी बार 1982 में इजरायल ने कब्जा किया था। सेना ने साल 2000 में लेबनान से हटने तक इसे अपने कब्जे में रखा था।

एक बयान में, इजरायली सेना ने कहा कि उसने कुछ दिन पहले ब्यूफोर्ट रिज और उससे और दक्षिण में स्थित सुलुकी घाटी में एक अभियान शुरू किया था, जिसका उद्देश्य हिज्बुल्लाह के बुनियादी ढांचे को नष्ट करना और इजरायली नागरिकों के लिए सीधे खतरों को हटाना था।

इजरायल रख सकेगा नजर

रॉयटर्स ने बताया कि ब्यूफोर्ट कैसल में सेना के आगे बढ़ने से इजरायली सैनिकों को दक्षिणी लेबनान और उत्तरी इजरायल के एक बड़े हिस्से पर नजर रखने के लिए एक ऊंचाई वाली जगह मिल गई है, जहां से हिज्बुल्लाह ने इजरायल के रिहायशी इलाकों पर कई हमले किए थे। इजरायली सेना ने कहा कि हिज्बुल्लाह ने उस पहाड़ी से कई हमले किए। इजरायली सेना ने बयान में आगे कहा कि जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन का विस्तार करने के लिए तैयार है।

आगे कहा गया कि इजरायली सैनिक उस इलाके में लॉन्च इंफ्रास्ट्रक्चर के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे, जहां से इजरायली नागरिकों और आईडीएफ सैनिकों की ओर सैकड़ों प्रोजेक्टाइल दागे गए थे।

इजरायली मंत्रियों ने कब्जे की सराहना की

इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने रविवार को इसे गैलिली समुदायों की रक्षा और हमारी सेनाओं की सुरक्षा बनाए रखने के लिए एक रणनीतिक जीत बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने क्रूसेडरों द्वारा बनाए गए किले पर इजरायल का झंडा फहरा दिया है।

टेलीग्राम पर एक पोस्ट में इजरायल काट्ज ने कहा कि लड़ाई जारी है, और उन्होंने हिज्बुल्लाह को कमजोर करने और इजरायल की उत्तरी सीमा को सुरक्षित करने के प्रयासों को जारी रखने का वादा किया।

इसके अलावा, इजरायली सेना के अरबी प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने भी एक्स पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें इजरायली सैनिक किले के बाहर दिखाई दे रहे थे।

इजरायल के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने इस कब्जे की तारीफ करते हुए इसे पुराने पापों का प्रायश्चित बताया। एक्स पर एक पोस्ट में बेजलेल स्मोट्रिच ने लिखा, “हमने उत्तर के बहादुर निवासियों से स्थायी सुरक्षा का वादा किया था और हम इसे हासिल करने के लिए मजबूती से काम कर रहे हैं। ब्यूफोर्ट में वापसी पुराने राष्ट्रीय पापों और गलत धारणाओं को सुधारने का एक प्रतीक है।”

हालांकि इस कब्जे को लेकर हिज्बुल्लाह या लेबनानी सरकार ने अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है।

यह भी पढ़ें: ‘गाजा पट्टी के 70% हिस्से पर कर लो कंट्रोल’ इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को दिया आदेश

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा पट्टी के 70 प्रतिशत हिस्से पर सैन्य नियंत्रण हासिल करने की योजना की घोषणा की है। यह पिछले साल अक्टूबर में इजरायल और हमास के बीच हुए युद्धविराम की शर्तों के विपरीत है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें