इजरायल ने गाजा में हमला किया है। इसमें 17 लोगों की मौत बताई जा रही है। गाजा के अस्पताल के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि गाजा में इजरायली हमले में 17 फिलिस्तीनी मारे गए, जिनमें से ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। वहीं इजरायल ने कहा कि हमले तब हुए जब आतंकवादियों ने उसके सैनिकों पर गोलीबारी की, जिसमें एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि सात महिलाएं और पांच बच्चे मारे गए, जिनमें एक 5 महीने का बच्चा और सिर्फ़ 10 दिन का एक शिशु शामिल है।
अक्टूबर 2025 में लागू हुआ था सीजफायर समझौता
बता दें कि हमास और इजरायल के बीच 10 अक्टूबर, 2025 को सीजफायर समझौता लागू हुआ है। इसके बाद भी घातक इजरायली हमले होते रहे हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस दौरान इजरायल द्वारा 530 से ज़्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं।
गाजा शहर के शिफा अस्पताल के निदेशक डॉ. मोहम्मद अबू सेल्मिया ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, “गाजा पट्टी में हमारे लोगों के खिलाफ नरसंहार युद्ध जारी है। युद्धविराम कहां है? मध्यस्थ कहां हैं?” हमलों और बढ़ती मौत की संख्या ने अमेरिका समर्थित युद्धविराम की सच्चाई उजागर कर दी है। गाजा में फिलिस्तीनी कह रहे हैं कि ऐसा नहीं लगता कि युद्ध खत्म हो गया है।
Explained: क्या है येलो लाइन जिसे इजरायल ने बताया नया गाजा बॉर्डर, सीजफायर प्लान पर क्या होगा असर?
इजरायल की सेना ने क्या कहा?
वहीं मध्यस्थों ने हमलों की निंदा की है और हमास ने इन्हें समझौते का उल्लंघन बताया है। जबकि इजरायल की सेना का कहना है कि वह हमास के उल्लंघनों या उसके सैनिकों पर आतंकवादी हमलों का जवाब दे रही है। इजरायली सेना का कहना है कि युद्धविराम लागू होने के बाद से चार सैनिक मारे गए हैं। बुधवार तड़के इजरायली सैनिकों ने उत्तरी गाजा के तुफ्फाह इलाके में एक इमारत पर गोलीबारी की, जिसमें 11 लोग मारे गए, जिनमें से ज़्यादातर एक ही परिवार के थे।
मृतकों में दो माता-पिता, उनकी 10 दिन की बच्ची, उसका 5 महीने का चचेरा भाई और उनकी दादी शामिल थीं। इजरायल की सेना ने कहा कि उसके विमानों और बख्तरबंद इकाइयों ने जवाबी गोलीबारी की जब आतंकवादियों ने सैनिकों पर गोली चलाना शुरू कर दिया, जिससे एक रिजर्व सैनिक बुरी तरह घायल हो गया जिसे अस्पताल ले जाया गया। इजरायल ने आतंकवादी हमले को समझौते का उल्लंघन बताया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि तुफ्फाह हमले के बाद इजरायली गोलीबारी पूरी गाजा पट्टी में जारी रही।
दक्षिणी शहर खान यूनिस में एक परिवार के तंबू पर इजरायली हमले में तीन लोग मारे गए, जिनमें एक 12 साल का लड़का भी शामिल था। यह जानकारी नासिर अस्पताल ने दी। शिफा अस्पताल के अनुसार गाजा शहर के पूर्वी ज़ैतून इलाके में टैंक गोलाबारी में तीन और फिलिस्तीनी मारे गए, जिनमें एक पति और उसकी पत्नी शामिल थे। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से 71,800 से ज़्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं, लेकिन मंत्रालय यह नहीं बताता कि उनमें से कितने लड़ाके थे या आम नागरिक शामिल थे। स्वास्थ्य मंत्रालय हमास के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा है और यह मरने वालों का विस्तृत रिकॉर्ड रखता है। इसे ही संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियां आम तौर पर भरोसेमंद मानते हैं। पढ़ें गाजा की रफा सीमा को फिर से खोलेगा इजरायल
