Supreme Court Tariff Ruling: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के हालिया टैरिफ संबंधी फैसले की कड़ी आलोचना की। साथ ही दावा किया कि है इससे अमेरिका को अरबों डॉलर का नुकसान हो सकता है और उन देशों और कंपनियों को फायदा हो सकता है जिन्होंने हमारे देश का फायदा उठाया है। ट्रंप ने मामले की ‘पुनर्विचार या पुनर्निर्णय’ की मांग करने का संकेत दिया है, यह तर्क देते हुए कि निर्णय “अत्यंत निराशाजनक” है।

शनिवार, 28 फरवरी को ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि दशकों से अमेरिका का फायदा उठाने वाले देशों और कंपनियों को इस फैसले के परिणामस्वरूप ‘अनुचित लाभ’ मिल सकता है।

डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, “टैरिफ से संबंधित अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय के हालिया फैसले से उन देशों और कंपनियों को सैकड़ों अरब डॉलर वापस मिल सकते हैं, जो कई वर्षों से अमेरिका को लूट रहे हैं, और अब, इस फैसले के अनुसार, वे वास्तव में ऐसा करना जारी रख सकते हैं, और वह भी और भी अधिक स्तर पर।”

ट्रंप ने मामले की पुनर्विचार याचिका दायर करने का संकेत देते हुए पूछा, “क्या इस मामले की पुनर्विचार या पुनर्निर्णय संभव है?” उन्होंने आगे कहा , “मुझे यकीन है कि सर्वोच्च न्यायालय ने ऐसा नहीं सोचा होगा! यह समझ से परे है कि जिन देशों और कंपनियों ने दशकों तक हमारा फायदा उठाया, अरबों-खरबों डॉलर प्राप्त किए, जो उन्हें नहीं मिलने चाहिए थे, वे अब इस बेहद निराशाजनक फैसले के परिणामस्वरूप एक अनुचित ‘लाभ’ के हकदार होंगे, जैसा कि दुनिया ने पहले कभी नहीं देखा।”

अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान सुप्रीम कोर्ट द्वारा अधिकांश व्यापक टैरिफ उपायों के खिलाफ फैसला सुनाए जाने के एक सप्ताह से अधिक समय बाद आया है।

पिछले शुक्रवार को 6-3 के बहुमत से दिए गए अपने फैसले में अदालत ने फैसला सुनाया कि 1977 के अंतर्राष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम (IEEPA) के तहत लगाए गए टैरिफ अवैध थे। अदालत ने इस बात पर कोई विचार नहीं किया कि जिन कंपनियों और व्यक्तियों ने ये टैरिफ चुकाए हैं, उन्हें रिफंड दिया जा सकता है या नहीं।

दिसंबर के मध्य तक अमेरिकी सीमा शुल्क एजेंसी IEEPA टैरिफ के रूप में पहले ही 133 अरब डॉलर वसूल कर चुकी है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनके कई व्यापक आयात करों को खारिज किए जाने के बाद, ट्रंप ने 1974 के व्यापार अधिनियम की धारा 122 के तहत सभी देशों पर 10% का नया टैरिफ लागू किया।

ट्रंप ने लिखा, “संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में मैं तत्काल प्रभाव से उन देशों पर 10% का वैश्विक टैरिफ बढ़ा रहा हूं, जिनमें से कई दशकों से बिना किसी दंड के (मेरे आने तक!) अमेरिका को ‘लूट’ रहे हैं, और इसे पूरी तरह से अनुमत और कानूनी रूप से मान्य 15% के स्तर तक ले जा रहा हूं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए इसे हास्यास्पद, घटिया ढंग से लिखा गया और घोर अमेरिकी विरोधी बताया है। ट्रंप प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह ‘अमेरिका को फिर से महान बनाने’ के अपने प्रयासों को जारी रखने के लिए आने वाले महीनों में नए, कानूनी रूप से मान्य टैरिफ निर्धारित करेगा।

तेहरान में इजरायली हमलों के बाद ट्रंप ने दिखाए आक्रामक तेवर

इजरायल और ईरान के बीच लंबे वक्त से जारी तनाव के बाद इजरायली वायुसेन ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर बड़ा हमला किया है। इजरायल ने ईरान के 30 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया है। इसके चलते पूरे ईरान में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। इस हमले की पुष्टि के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान को परमाणु बम बनाने नहीं देंगे। पूरी खबर पढ़ें।