अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपने के लिए तैयार हो गया है। हालांकि अब ईरान ने राष्ट्रपति ट्रंप के दावे को खारिज कर दिया है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गलिबफ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ट्रंप ने कई गलत बयान दिए हैं। ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट खुलने का भी दावा किया था।
ट्रंप ने 7 झूठे दावे किए- ईरानी संसद अध्यक्ष
ईरानी संसद के अध्यक्ष ने X पर लिखा, उन्होंने लिखा, “अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक घंटे में सात दावे किए, जो सभी झूठे थे। वे इन झूठों से युद्ध नहीं जीत पाए, और वे निश्चित रूप से बातचीत में भी कहीं नहीं पहुंचेंगे।” ईरानी संसद के अध्यक्ष ने ईरान के विदेश मंत्रालय की टिप्पणी की ओर भी इशारा किया और लोगों से आग्रह किया कि वे वार्ता के आधिकारिक वर्जन का पालन करें।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एस्माईल बाघेई ने कहा कि ईरान विदेश में अपने संवर्धित यूरेनियम को ट्रांसफर नहीं करेगा। उन्होंने सरकारी मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा, “अमेरिका को यूरेनियम ट्रांसफर करना हमारे लिए कोई ऑप्शन नहीं रहा है।”
‘ब्लॉकेड जारी रहने से होर्मुज स्ट्रेट खुला नहीं रहेगा’
ट्रंप ने पहले कहा था कि यूरेनियम बहुत जल्द वापस ले लिया जाएगा। उन्होंने कहा था कि अमेरिका इसे अपने देश वापस लाएगा। हालांकि गलिबफ ने ट्रंप के इस बयान पर भी सवाल उठाया कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला है। उन्होंने कहा कि लगातार पाबंदियों से शिपिंग पर असर पड़ेगा।उन्होंने कहा, “ब्लॉकेड जारी रहने से होर्मुज स्ट्रेट खुला नहीं रहेगा। रास्ता तय शर्तों और ईरान की मंज़ूरी पर निर्भर करेगा। होर्मुज खुला है या बंद है और इसे चलाने वाले नियम फील्ड से तय होंगे, सोशल मीडिया से नहीं।”
एक सीनियर ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि ईरान और अमेरिका के बीच मुख्य मतभेद बने हुए हैं, और न्यूक्लियर मुद्दों पर कोई समझौता नहीं हुआ है। अधिकारी ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला रखना इस बात पर निर्भर करेगा कि अमेरिका सीजफ़ायर की शर्तों का पालन करता है या नहीं। अधिकारी ने आगे कहा कि शायद पाकिस्तान की मध्यस्थता से ईरान आगे बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों और युद्ध से जुड़े मुआवज़े पर और बातचीत की इजाज़त देने के लिए वह सीजफ़ायर को बढ़ा सकता है।
(यह भी पढ़ें- पूरी तरह से खोला गया होर्मुज जलमार्ग, ईरानी विदेश मंत्री ने की पुष्टि)
पिछले 40 दिनों से पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को ईरान ने बंद किया था। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरघची ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह से खोल दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर
