अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग शुरू हुए करीब डेढ़ महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है। 14 दिनों के सीजफायर के बावजूद ईरान-अमेरिका में लगातार तनाव जारी है। अब मुंबई में ईरान के वाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को अभिनेता शाहरुख खान के मशहूर डायलॉग का जिक्र किया। दूतावास ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार यह दावा कर रहे हैं कि ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है लेकिन तेजतर्रार मिसाइल बोट्स तैयार हो रही हैं।
ईरानी दूतावास ने X पर किए गए एक पोस्ट में कहा, ”होर्मुज़- ‘पर्शियन गल्फ की रेड बीज़’…हां, तेज मिसाइल बोटें तैयार हो रही हैं। मजेदार है कि ट्रंप का लगातार यह दावा रहा है कि ईरान की नौसेना ‘खत्म’ हो चुकी है…अब उन्हें पता चलेगा कि कैसे एक झुंड आपको बहुत जल्द घेर सकता है। अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है।”
बता दें कि हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान अमेरिका के साथ डील करना चाहता है।
ईरान समझौता करने को बेताब: ट्रंप
इससे पहले आज जब ट्रंप को DoorDash डिलीवरी मिली थी तो उन्होंने ईरान पर टिप्पणी की। ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत के लिए अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, अपने दामाद जेरेड कुशनर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ की सराहना की।
ट्रंप ने कहा, ”उन्होंने अच्छा काम किया है और स्टीव और जेरेड, सभी ने बहुत अच्छा काम किया है। मैं आपको बता सकता हूं कि दूसरी तरफ से हमें कॉल आया है; वे समझौता करना चाहते हैं और बहुत बुरी तरह करना चाहते हैं।”
यह भी पढ़ें: 5 साल तक न्यूक्लियर प्रोग्राम रोकने को तैयार ईरान, अमेरिका 20 साल पर अड़ा- रिपोर्ट
ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में शांति वार्ता विफल हो गई थी। इसका मुख्य कारण ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम से पीछे न हटना बताया गया था। इस बीच एक बड़ी खबर आ रही है। द न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने अपने प्रस्ताव में ईरान के यूरेनियम एनरिचमेंट पर 20 साल की रोक लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि ईरान ने कहा कि वह इसे सिर्फ़ पांच साल के लिए ही रोक सकता है। पढ़ें पूरी खबर…
