अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार को दावा किया कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई जिंदा हैं मगर गंभीर रूप से घायल हैं। ईरान का सर्वोच्च पद संभालने के बाद पहली बार गुरुवार को मोजतबा खामेनेई का संदेश ईरानी टीवी पर प्रसारित किया गया जिसे एक टीवी एंकर ने पढ़ा। वहीं समाचार एजेंसी रॉयटर्स को एक ईरानी अधिकारी ने बताया कि मोजतबा घायल हैं लेकिन मामूली रूप से और वह अपने सारे कामकाज कर रहे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप का दावा
फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि “उन्हें लगता है कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई घायल हैं।” ट्रंप के मुताबिक मोजतबा खामेनेई अभी जिंदा हैं, लेकिन वे जख्मी हालत में हैं।
जब से मोजतबा खामेनेई ईरान के सुप्रीम लीडर बने हैं, वे अब तक एक बार भी जनता के सामने नहीं आए हैं। उनका जो पहला संबोधन था, वह भी गुरुवार को एक टीवी एंकर ने पढ़ा।
“मोजतबा घायल हैं मगर कामकाज कर रहे हैं”
समाचार एजेंसी रॉयटर्स को एक ईरानी अधिकारी ने बताया कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मामूली रूप से घायल हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद वे अपने सभी कामकाज संभाल रहे हैं। अगर उनके टेलीविजन संबोधन की बात करें, तो उसमें उन्होंने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मौजूद सभी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को तुरंत बंद किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को अभी भी बंद रखा जाएगा और इसी के जरिए ईरान अपने दुश्मनों पर दबाव बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान इसी दबाव के आधार पर अपने दुश्मनों से मुआवजा भी वसूल सकता है।
इजरायल ने क्या कहा?
इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि मोजतबा को किसी भी तरह का “लाइफ इंश्योरेंस” नहीं दिया जाएगा। नेतन्याहू ने यह भी कहा, “इज़रायल के जितने भी दुश्मन हैं, चाहे वे किसी भी संगठन से जुड़े हों, किसी को भी सुरक्षा या जीवन की गारंटी नहीं दी जाएगी।”
ईरान-अमेरिका युद्ध से जुड़े हर अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
