अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होने वाले संभावित हमले को फिलहाल टाल दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के नेताओं की अपील के बाद यह फैसला लिया गया। ट्रंप ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि खाड़ी देशों को उम्मीद है कि ईरान के साथ कोई समझौता हो जाएगा।

ट्रंप के मुताबिक अमेरिका मंगलवार को ही ईरान के खिलाफ बड़ा हमला करने वाला था, लेकिन आखिरी वक्त पर कार्रवाई रोक दी गई। हालांकि एक तरफ जहां हमले को टाला गया, वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने अमेरिकी सेना को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तय समय सीमा तक कोई समझौता नहीं हुआ, तो पहले से भी बड़ा हमला किया जाएगा।

राष्ट्रपति ट्रंप की ईरान को चेतावनी

इससे पहले भी राष्ट्रपति ट्रंप इसी तरह के कड़े लहजे में ईरान को चेतावनी दे चुके हैं। चीनी राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा था कि ईरान के लिए घड़ी की सुई टिक-टिक कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई शांति समझौता नहीं हुआ तो ईरान का नामोनिशान मिट सकता है।

ईरान जंग कब शुरू हुई, क्या हाल अब?

जानकारी के लिए बता दें कि फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर संयुक्त हमला किया था। इसके बाद से लगातार तनाव और संघर्ष जारी है। अप्रैल में सीजफायर जरूर हुआ, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी रही। इसी वजह से पूरी दुनिया में तेल संकट गहराया और सप्लाई चेन प्रभावित हुई।हालांकि तनाव के बावजूद ईरान झुकने को तैयार नहीं है और अमेरिका भी अपने रुख पर कायम है।

ये भी पढ़ें- डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को चेतावनी