ईरान और अमेरिका के बीच अप्रैल में शुरू हुए 6 हफ्तों के युद्धविराम पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। एक तरफ जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों को फिर से शुरू करने की धमकी दी है, वहीं ईरान ने कथित तौर पर अपने कुछ ड्रोन का उत्पादन फिर से शुरू कर दिया है। ईरानी सेना तेजी से कुछ सैन्य क्षमताओं का पुनर्निर्माण कर रही है।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया सूत्रों ने बताया कि ईरान की सेना अमेरिकी एजेंसियों द्वारा पहले लगाए गए अनुमानों की तुलना में कहीं अधिक तेजी से पुनर्गठन कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका और इजरायल के हालिया संयुक्त हमले में नष्ट हुई ईरान की सैन्य क्षमताओं का पुनर्निर्माण तेजी से हो रहा है जो यह दर्शाता है कि तेहरान अभी भी राष्ट्रपति ट्रंप के क्षेत्रीय सहयोगियों के लिए खतरा बना हुआ है।

ईरानी सेना तेजी से सैन्य क्षमताओं का पुनर्निर्माण कर रही

एक अमेरिकी अधिकारी ने सीएनएन को बताया कि ईरान छह महीने में अपनी ड्रोन हमले की क्षमताओं को फिर से स्थापित करने में सक्षम होगा। अधिकारी ने आगे कहा, “ईरानियों ने पुनर्निर्माण के लिए खुफिया आयोग द्वारा निर्धारित सभी समय सीमाओं को पार कर लिया है।” रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन और रूस से मिले समर्थन सहित कई कारकों के कारण ईरान उम्मीद से कहीं अधिक तेजी से उबरने में सक्षम रहा है। साथ ही अमेरिका और इजरायल द्वारा युद्धविराम के बाद हमलों को रोकने से ईरानी बुनियादी ढांचे को होने वाले नुकसान से उबरने में भी मदद मिली होगी।

ट्रंप की ईरान को धमकी

इस सप्ताह की शुरुआत में, ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान पर नए सिरे से हमले करने का आदेश देने से कुछ ही घंटे दूर थे। साथ ही अमेरिकी युद्धक विमानों ने कथित तौर पर आगे बढ़कर लक्ष्य भी निर्धारित कर लिए थे लेकिन खाड़ी सहयोगियों के अनुरोधों का हवाला देते हुए इस कदम को रोक दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान को नए हमलों की धमकी देते हुए पूछा था कि क्या हम इसे पूरा करेंगे या वे दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करेंगे? डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, “सब कुछ खत्म हो गया है। उनकी नौसेना खत्म हो गई है। उनकी वायुसेना खत्म हो गई है। लगभग सब कुछ। अब बस यही सवाल है कि क्या हम जाकर इसे पूरा करेंगे? क्या वे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करेंगे? देखते हैं आगे क्या होता है?” ट्रंप ने उन्हें संघर्ष को समाप्त करने की कोई जल्दी नहीं है। उन्होंने कहा कि मिशन के उद्देश्यों को प्राप्त करना इसके समापन के लिए समयसीमा निर्धारित करने से अधिक महत्वपूर्ण है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

ईरान की चेतावनी

ईरान ने बार-बार चेतावनी दी है कि अगर पश्चिम एशिया के देशों पर फिर से हमला हुआ तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा। बुधवार को ईरानी सरकारी मीडिया द्वारा जारी एक बयान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा, “अगर ईरान के खिलाफ आक्रामकता दोहराई जाती है, तो इस बार वादा किया गया क्षेत्रीय युद्ध इस क्षेत्र से बाहर तक फैल जाएगा।”