ईरान ने रूस से सैन्य सहायता नहीं मांगी है। रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका और इजरायल के हमलों का सामना कर रहे ईरान ने रूस से सैन्य सहायता नहीं मांगी है। जब यह पूछा गया कि क्या रूस बयानबाजी से आगे बढ़कर अपने सहयोगी को सैन्य सहायता की पेशकश कर सकता है तो क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने जवाब दिया कि ईरानी पक्ष से कोई अनुरोध नहीं आया है।
पेस्कोव ने आगे कहा कि हमारा स्थिर रुख सर्वविदित है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। रूसी अधिकारियों ने कहा है कि जनवरी 2025 में रूस द्वारा ईरान के साथ की गयी रणनीतिक साझेदारी संधि में सैन्य सहायता का कोई प्रावधान नहीं है।
वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण इस सप्ताह रूस और यूक्रेन के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में होने वाली वार्ता का नया दौर स्थगित कर दिया गया है।
रूस और यूक्रेन के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में होने वाली वार्ता स्थगित
जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने चार साल पहले अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमला करने के बाद से उस पर हजारों मिसाइलें दागी हैं। ईरान ने अमेरिकी-इजरायली संयुक्त हमलों के जवाब में उसी प्रकार के ड्रोन का इस्तेमाल किया है। जेलेंस्की ने बुधवार को कहा, ”फिलहाल, ईरान के आसपास की स्थिति के कारण, त्रिपक्षीय बैठक के लिए आवश्यक संकेत अभी तक नहीं मिले हैं।” यूक्रेन के राष्ट्रपति ने आगे कहा, ”सुरक्षा ठीक होने पर हम त्रिपक्षीय राजनयिक बैठक फिर से शुरू करेंगे।”
इस बीच, अमेरिका और पश्चिम एशिया में उसके सहयोगी ईरान के शाहेद ड्रोन का मुकाबला करने के लिए कीव की विशेषज्ञता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका समेत कई देशों ने ईरानी ड्रोन हमलों से बचाव में मदद के लिए यूक्रेन से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हाल के दिनों में संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर, बहरीन, जॉर्डन और कुवैत के नेताओं से संभावित सहयोग के बारे में बात की है।
भारत ने अयातुल्लाह खामेनेई की मौत पर जताया शोक
भारत ने ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर शोक जताया है। गुरुवार दोपहर भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री नई दिल्ली स्थित ईरान के दूतावास पहुंचे और वहां रखी गई श्रद्धांजलि पुस्तिका में भारत की तरफ से हस्ताक्षर किए और संवेदना व्यक्त की। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(इनपुट- एपी)
