ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने पद संभालने के बाद अपने पहले संदेश में कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद रहना चाहिए। खामेनेई ने कहा कि वह उन बहादुर लड़ाकों को धन्यवाद देना चाहते हैं जो ऐसे समय में बेहतरीन काम कर रहे हैं जब उनका देश दबाव और हमलों से घिरा हुआ है।

अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे मोजतबा ने कहा है कि इस क्षेत्र में सभी अमेरिकी ठिकानों को तत्काल बंद कर देना चाहिए।

मोजतबा खामेनेई कैमरे के सामने नहीं आए और सरकारी टेलीविजन पर उनका बयान न्यूज एंकर ने पढ़ा। हाल ही में ऐसी खबरें आई थी कि युद्ध के दौरान वह घायल हो गए थे। 

ईरान के हमले जारी रहेंगे- खामेनेई

खामेनेई ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने के रणनीतिक फायदे का इस्तेमाल किया जाना चाहिए और खाड़ी अरब के पड़ोसियों पर ईरान के हमले जारी रहेंगे। खामेनेई ने इस युद्ध में मारे गए लोगों का बदला लेने का संकल्प लिया।

खामेनेई ने कहा कि ईरान अपने दुश्मन से मुआवजा वसूलेगा। उन्होंने कहा कि अगर वह इनकार करता है, तो ईरान उसकी संपत्तियों से वसूली करेगा या उन्हें नष्ट कर देगा। अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के बाद मोजतबा को नया सुप्रीम लीडर चुना गया था।

अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान को काफी नुकसान हुआ है। ईरान वैश्विक स्तर पर इतना आर्थिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है जिससे अमेरिका और इजरायल पर बमबारी रोकने का दबाव पड़े।

इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति ने कहा था कि जब तक ईरान को किसी अन्य हमले के खिलाफ सुरक्षा गारंटी नहीं मिल जाती, तब तक उसके हमले जारी रहेंगे। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान लगभग पूरी तरह से नष्ट हो चुका है।

ईरान के लगातार हमलों के कारण बृहस्पतिवार को तेल की कीमतें फिर से 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई हैं। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने कहा है कि ईरान में चल रहे युद्ध के कारण लगभग 32 लाख लोग विस्थापित हुए हैं। एजेंसी ने बताया कि इनमें से अधिकांश लोग तेहरान और अन्य प्रमुख शहरों से भागकर ईरान के उत्तरी भाग या ग्रामीण क्षेत्रों की ओर चले गए हैं। 

यह भी पढ़ें- ईरान ने बंद किया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज तो क्या होगा?

क्या आपको पता है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्या है? आंकड़ों में समझते हैं कि आखिर इस ग्लोबल कॉरिडोर को अगर ईरान ने बंद कर दिया तो क्या होगा? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।