ईरान और इजरायल के बीच पिछले 17 दिन से जारी युद्ध के जल्द समाप्त होने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। दोनों पक्षों की ओर से लगातार जारी हमलों के बीच पश्चिम एशिया में तनाव गहराता जा रहा है। इस बीच भारत में इजरायल के राजदूत ने कहा कि वह बता नहीं सकते कि युद्ध कितने दिन चलेगा।
ईरान के साथ संघर्ष कब तक चलेगा, इस सवाल पर भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने कहा, “हम निश्चित रूप से यह नहीं बता रहे हैं कि इसमें कितना समय लगेगा क्योंकि यह कई कारकों पर निर्भर करता है। शुरुआत में, अमेरिका और इजरायल दोनों ने कुछ हफ्तों की बात की थी। यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि ईरान अपना रुख बदलने का कितना मौका पाता है। फिलहाल, ऐसा नहीं लगता कि वे अपना रुख बदल रहे हैं। इसके विपरीत, वे और भी अड़ियल हो गए हैं। वे अपनी बात पर अड़े हुए हैं। लेकिन भविष्य में स्थिति बदल सकती है।”
इजरायली राजदूत बोले- प्रधानमंत्री नेतन्याहू जिंदा हैं
भारत में राजदूत रूवेन अजार ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के वायरल वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नेतन्याहू जीवित हैं। जब मैं इजरायल में था, तब मैंने उन्हें एक से अधिक बार व्यक्तिगत रूप से देखा था। कैफे में फिल्माया गया यह वीडियो एआई जेनरेटेड नहीं है। इसमें बहुत सारी गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं।”
इजरायली राजदूत ने आगे कहा, “हमें ईरानी निर्णय लेने की प्रक्रिया में मतभेदों के बारे में अलग-अलग अफवाहें सुनने को मिल रही हैं। इसलिए, इसमें और समय लग सकता है। ईरानी अगर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ सहयोग करने का फैसला करते हैं तो हम इस समस्या का कूटनीतिक समाधान निकाल सकते हैं।”
ईरान के पास परमाणु हथियार होते तो वह क्या करता- रूवेन अजार
रूवेन अजार ने कहा, “कल्पना कीजिए कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होते तो वह क्या करता, खासतौर पर यह देखने के बाद कि ईरान ने अपने सभी पड़ोसी देशों पर कैसे हमले किए। अभी हम जो झेल रहे हैं वह उस स्थिति के मुकाबले कुछ भी नहीं है जो भविष्य में हो सकती थी अगर अमेरिका और इजरायल ने अभी कार्रवाई नहीं की होती।”
भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने कहा, “न तो संयुक्त राज्य अमेरिका और न ही इजरायल का ईरान पर कब्जा करने का कोई इरादा है। हम ईरानी जनता को ऐसी स्थिति देना चाहते हैं जिसमें वे नीतिगत बदलाव या शासन परिवर्तन के लिए दबाव डाल सकें। हम देखेंगे कि ऐसा होता है या नहीं लेकिन हम इस पर ध्यान केंद्रित करने के लिए दृढ़ हैं। यह न केवल ईरानी जनता के हित में है बल्कि क्षेत्र में अधिक स्थिर भविष्य बनाने के हमारे लक्ष्य को भी पूरा करता है।”
ईरानियों ने जवाबी हमला किया
राजदूत ने आगे कहा, “मेरा मानना है कि यह क्षेत्र के सामान्य हित में भी है, खाड़ी देशों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के हित में भी है। जिससे पश्चिम एशिया या मध्य पूर्व कहीं अधिक स्थिर हो और उन भयानक खतरों से मुक्त हो जिन्हें ईरानी पैदा करने की योजना बना रहे थे या वास्तव में पैदा कर रहे थे।” उन्होंने कहा कि अगर ईरान अपने रुख में बदलाव लाता है और इजरायल को मान्यता देता है तो भविष्य और उज्ज्वल होगा।”
रूवेन अजार ने कहा, “ईरानियों ने जवाबी हमला किया है। उन्होंने इजरायल पर सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। अब तक हमारे लगभग 12 लोग हताहत हुए हैं। सैकड़ों घायल हुए हैं। कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। जून में हुए नुकसान की तुलना में अब नुकसान काफी कम है क्योंकि इजरायल पर हमले करने की उनकी क्षमता कम हो गई है। उन्होंने न केवल हम पर बल्कि क्षेत्र के 12 देशों पर हमला करने का फैसला किया है। वे न केवल सैन्य ठिकानों को बल्कि मुख्य रूप से इजरायल और खाड़ी देशों में नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।”
दुबई एयरपोर्ट के पास फ्यूल टैंक पर ड्रोन हमला
दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक ड्रोन के ईंधन टैंक से टकराने के बाद भीषण आग लग गई, जिसके चलते आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों ने उड़ानों को निलंबित कर दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
