वाशिंगटन और तेहरान के बीच इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता के लिए अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान के लिए रवाना हो चुके हैं। दो सप्ताह के युद्धविराम के बीच यह बैठक हो रही है। वहीं, जेडी वेंस के अनुसार, डोनाल्ड ट्रम्प ने बातचीत के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए हैं और वे ईरान के साथ वार्ता के परिणाम को लेकर आशावादी हैं। वेंस ने संकेत दिया कि यदि सद्भावना से बातचीत की जाए तो उसके सकारात्मक परिणाम आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि ट्रम्प ने वार्ता टीम के लिए स्पष्ट अपेक्षाएं और कुछ सीमाएं निर्धारित की हैं और समझौते की दिशा में ठोस प्रगति के लिए दबाव डाल रहे हैं।
होर्मुज गतिरोध: युद्धविराम की भावना का उल्लंघन करते हुए तेहरान ने लेबनान में जारी इजरायली आक्रामकता का हवाला देते हुए होर्मुज जलमार्ग से प्रतिदिन केवल 15 जहाजों के आवागमन को प्रतिबंधित कर दिया है। उपग्रह ट्रैकिंग से पता चलता है कि ऑरोरा जैसे टैंकर फारस की खाड़ी में यू-टर्न ले रहे हैं, जिससे समुद्री बीमा की दरें आसमान छू रही हैं।
ट्रंप का पलटवार: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिबंधों की कड़ी आलोचना करते हुए ईरान के इस कदम को “अपमानजनक” और प्रारंभिक समझौते का उल्लंघन बताया है। यह घटना उनके सोशल मीडिया पर उस चेतावनी के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा।
मध्यस्थता पर सवाल: इस्लामाबाद के रक्षा मंत्री की भड़काऊ टिप्पणियों के बाद इजरायल द्वारा एक तटस्थ मेजबान के रूप में पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। जिससे राजनयिक परिदृश्य और अधिक जटिल हो गया है।
ईरानी सिर्फ बातचीत के लिए जिंदा हैं- ट्रंप
ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, "ईरानी शायद यह नहीं समझते कि उनके पास अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का उपयोग करके दुनिया से अल्पकालिक ब्लैकमेल करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। आज वे सिर्फ बातचीत करने के लिए ही जीवित हैं!"
'लेबनान में सीजफायर, ईरान की जब्त की गई संपत्तियां रिलीज हों', तेहरान ने युद्धविराम वार्ता से पहले रखीं दो और शर्तें
ईरान के संसदीय अध्यक्ष एमबी ग़ालिबफ़ ने X पर एक पोस्ट में कहा, "दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से तय किए गए दो शर्तों को अभी तक लागू नहीं किया गया है। जिसमें पहली शर्ते है लेबनान में युद्धविराम और दूसरी शर्ता है- ईरान की अवरुद्ध संपत्तियों को रिलीज करना। उन्होंने कहा कि वार्ता शुरू होने से पहले इन दोनों शर्तों को पूरा किया जाना चाहिए।
जेडी वेंस ने ईरान-अमेरिका वार्ता के लिए पाकिस्तान रवाना
जेडी वैंस के अनुसार, डोनाल्ड ट्रम्प ने बातचीत के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए हैं और वे ईरान के साथ वार्ता के परिणाम को लेकर आशावादी हैं। वैंस ने संकेत दिया कि यदि सद्भावना से बातचीत की जाए तो उसके सकारात्मक परिणाम आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि ट्रम्प ने वार्ता टीम के लिए स्पष्ट अपेक्षाएं और कुछ सीमाएं निर्धारित की हैं और समझौते की दिशा में ठोस प्रगति के लिए दबाव डाल रहे हैं।
लेबनान में हो रहे इजरायली हमलों से भारत चिंतित
पश्चिमी एशिया में एक महीने से चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से दो सप्ताह के युद्धविराम के बावजूद इजरायली हमलों के जारी रहने से लेबनान में नागरिकों की बढ़ती मौतों पर भारत ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। साथ ही इस बात पर जोर दिया है कि नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्थिति को "बेहद चिंताजनक" बताया और क्षेत्र में शांति और स्थिरता के प्रति भारत की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग 1,000 भारतीय नागरिक वर्तमान में लेबनान में रह रहे हैं।
जायसवाल ने कहा कि लेबनान में बड़ी संख्या में नागरिकों के हताहत होने की खबरों से हम बेहद चिंतित हैं। संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल लेबनान (यूएनआईएफआईएल) में सैन्य योगदान देने वाले देश के रूप में, जो लेबनान की शांति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, घटनाओं का यह क्रम बेहद चिंताजनक है।
पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों पर भारत की बारीकी से नजर- विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय हम पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं। हम खाड़ी क्षेत्र के देशों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार, हमारे मंत्री ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए खाड़ी देशों का दौरा कर रहे हैं। विदेश मंत्री इस समय मॉरीशस के दौरे पर हैं, जहां से वे 11 और 12 अप्रैल, 2026 को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा करेंगे। वे UAE के नेताओं के साथ भारत-UAE संबंधों को और मजबूत करने के लिए चर्चा करेंगे। अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ, हम अपने पड़ोसी देशों को उनकी ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उनके अनुरोध के अनुसार सहायता भी प्रदान कर रहे हैं। हमने दो सप्ताह पहले श्रीलंका को 38 मीट्रिक टन पेट्रोलियम उत्पाद की आपूर्ति की थी। हम तेल और गैस की आपूर्ति के लिए एक सरकारी समझौते को अंतिम रूप दे रहे हैं, जो मॉरीशस की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारे पेट्रोलियम मंत्री 9 और 10 अप्रैल को कतर के दौरे पर हैं। वे इस समय कतर में हैं। कतर भारत के लिए ऊर्जा का एक महत्वपूर्ण आपूर्तिकर्ता है। कतर के ऊर्जा मंत्री ने एक विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्तिकर्ता बने रहने की कतर की प्रतिबद्धता की पुष्टि की और भविष्य में भी इस दिशा में काम करने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा, "भारत के साथ ऊर्जा संबंधों और सहयोग को जारी रखना और मजबूत करना जारी रखना।"
USA-Israel-Iran War Ceasefire LIVE: लेबनान में खाद्य संकट
संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम ने शुक्रवार को कहा कि ईरान युद्ध के कारण देश के अंदर वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होने से लेबनान खाद्य सुरक्षा संकट का सामना कर रहा है।
इस्लामाबाद में कर्फ्यू का माहौल
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान-अमेरिका की शांति वार्ता के चलते शुक्रवार को असामान्य रूप से सन्नाटा पसरा रहा। इस्लामाबाद में सड़कें बंद रहीं, प्रमुख मार्गों पर चौकियां स्थापित की गई हैं और दो दिन की सार्वजनिक छुट्टी के कारण लोग घरों के अंदर ही रहे। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और इस्लामाबाद में अतिरिक्त सैनिकों और पुलिस को तैनात किया गया था।
USA-Israel-Iran War Ceasefire LIVE: तेहरान और उसके आसपास के इलाकों में गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की राजधानी तेहरान और उसके आसपास के इलाकों के साथ ही देश के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों ने शुक्रवार की सुबह तक कई बार हवाई रक्षा बलों की गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें सुनीं। हालांकि, ईरान सरकार ने अभी तक किसी भी हमले की पुष्टि नहीं की है।
हिज़्बुल्लाह ने इजरायल में दागे रॉकेट
लेबनान के सशस्त्र समूह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने रॉकेटों से इजरायल के किर्यात शमोना, मेटुला और मिसगाव इलाकों में आम बस्तियों को निशाना बनाया है।
USA-Israel-Iran War Ceasefire LIVE: ईरान-अमेरिका वार्ता के लिए इस्लामाबाद आने वाले लोगों को Visa on Arrival
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने शुक्रवार को घोषणा की कि ईरान-अमेरिका वार्ता के लिए इस्लामाबाद आने वाले लोगों को Visa on Arrival जारी किया जाएगा।
यूक्रेनी सेना ने पश्चिम एशिया के कई देशों में ईरानी 'शाहेद' ड्रोनों को मार गिराया
यू क्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि ईरान युद्ध के दौरान यूक्रेनी सेना ने पश्चिम एशिया के कई देशों में ईरानी डिजाइन वाले 'शाहेद' ड्रोनों को मार गिराया। जेलेंस्की ने कहा कि ये अभियान एक व्यापक रणनीति का हिस्सा हैं, जिसके तहत यूक्रेन अपने सहयोगी देशों को उन हथियारों से निपटने में मदद कर रहा है जिनका इस्तेमाल रूस उसके खिलाफ कर रहा है।
लेबनान पर इजरायली हमलों के चलते अमेरिका के साथ शांति वार्ता स्थगित
ईरान की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लेबनान पर इजरायली हमलों के चलते अमेरिका के साथ शांति वार्ता स्थगित कर दी गई है। ईरानी समाचार एजेंसी फ़ार्स की रिपोर्ट के मुताबिक, लेबनान में युद्धविराम लागू होने तक इस्लामाबाद शांति वार्ता स्थगित रहेगी। एक सूत्र का हवाला देते हुए फ़ार्स ने बताया, "कुछ मीडिया आउटलेट्स द्वारा किए गए दावे कि एक ईरानी वार्ता प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत करने के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद पहुंचा है, पूरी तरह से झूठे हैं। वार्ता तब तक निलंबित रहेगी जब तक अमेरिका लेबनान में युद्धविराम के संबंध में अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन नहीं करता और इजरायली शासन अपने हमलों को नहीं रोकता।"
होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की पकड़ कायम, एलएनजी टैंकर लौटा
'निडी' नामक बोत्सवाना ध्वज वाले एक एलएनजी टैंकर ने रिवोल्यूशनरी गार्ड द्वारा निर्धारित मार्ग से फारस की खाड़ी से बाहर निकलने का प्रयास किया था, लेकिन शुक्रवार तड़के जहाज अचानक मुड़कर वापस लौट आया। इससे यह पता चलता है कि होर्मुज जलमार्ग पर ईरान का नियंत्रण बना हुआ है।
पश्चिम एशिया के उत्पादक होर्मुज मार्ग से तेल निर्यात फिर से शुरू करने की तैयारी कर रहे
पश्चिम एशिया के उत्पादकों ने एशियाई रिफाइनरियों से अप्रैल और मई के लिए कच्चे तेल की लोडिंग के कार्यक्रम प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि होर्मुज जलमार्ग से जहाजों के आवागमन की संभावित बहाली के लिए तैयारी की जा सके। बुधवार को अमेरिका और ईरान के बीच घोषित दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते से होर्मुज जलमार्ग के फिर से खुलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
USA-Israel-Iran War Ceasefire LIVE: कुवैत ने ईरान पर ड्रोन हमले करने का लगाया आरोप
कुवैत ने ईरान और उसके सहयोगियों पर दो सप्ताह के युद्धविराम के बावजूद उसे निशाना बनाकर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया है। वहीं सऊदी अरब ने कहा है कि हाल के हमलों से उसकी एक महत्वपूर्ण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर विजय प्राप्त कर ली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान पर विजय प्राप्त कर ली है। उन्होंने कहा, “वास्तव में, यह एक विजय है और इसमें कुछ भी जल्दबाजी नहीं है। मेरी वजह से ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे और बहुत जल्द आप तेल का प्रवाह शुरू होते देखेंगे, चाहे ईरान की मदद हो या न हो। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”
USA-Israel-Iran War Ceasefire LIVE: इजरायल ने मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका पर संदेह जताया
इजरायल ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए तटस्थ मध्यस्थ के रूप में उनके देश की भूमिका पर संदेह जताया है। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरुवार शाम 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का इजरायल के विनाश का आह्वान बेहद आपत्तिजनक है।''
USA-Israel-Iran War Ceasefire: ईरान युद्ध नहीं चाहता- मोजतबा खामेनेई
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता। हम अपने देश पर हमले का बदला लेंगे।
ईरान होर्मुज से गुजरने वाले टैंकरों से शुल्क वसूल रहा- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट में कहा, ''ऐसी खबरें हैं कि ईरान होर्मुज से गुजरने वाले टैंकरों से शुल्क वसूल रहा है, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए और अगर वे ऐसा कर रहे हैं तो उन्हें अभी इसे बंद कर देना चाहिए।'' व्हाइट हाउस ने युद्धविराम समझौते के तहत होर्मुज जलमार्ग को फिर से खोलने का समर्थन किया है लेकिन उसका कहना है कि ट्रंप ईरान की सेना का विरोध करते हैं जो जलमार्ग पर अपना नियंत्रण बनाए हुए है। व्हाइट हाउस ने कहा कि होर्मुज से होकर गुजरने वाले जहाजों पर ईरान द्वारा शुल्क लगाकर राजस्व बढ़ाने की कोशिश का भी ट्रंप विरोध करते हैं।
USA-Israel-Iran War Ceasefire: पाकिस्तान में हाई सिक्योरिटी
अमेरिका और ईरान के साथ शांति वार्ता से पहले पाकिस्तान में संसद, प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों, आलीशान होटलों, दूतावासों और विदेशी संगठनों के कार्यालयों वाले इस्लामाबाद के रेड ज़ोन की ओर जाने वाली सड़कें ब्लॉक कर दी गई हैं।
USA-Israel-Iran War Ceasefire: क्या है युद्धविराम की स्थिति
युद्धविराम के बीच ईरान द्वारा अपने खाड़ी अरब पड़ोसियों और इजरायल पर हफ़्तों से जारी मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोक दिया है। गुरुवार को किसी भी नये हमले की कोई रिपोर्ट नहीं मिली। अमेरिका या इजरायल द्वारा ईरान को निशाना बनाकर किए गए हमलों की भी कोई रिपोर्ट नहीं है। वहीं, इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्ला पर हमले जारी रखने का संकल्प लिया है।
USA-Israel-Iran War Ceasefire: हमारी ऊंगलियां ट्रिगर पर ही रहेंगी- ईरान
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि लेबनान पर इजरायल का हमला शुरुआती युद्ध-विराम का खुला उल्लंघन है और इससे बातचीत निरर्थक हो जाएगी। उन्होंने कहा, ''इस तरह के कदम धोखे और नियमों का पालन न करने का संकेत देते हैं, जिससे बातचीत का कोई मतलब नहीं रह जाता। हमारी ऊंगलियां ट्रिगर पर ही रहेंगी। ईरान अपने लेबनानी भाइयों और बहनों को कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।''
USA-Israel-Iran War Ceasefire: वार्ता से पहले इस्लामाबाद में कड़ी सुरक्षा
अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को उच्च-स्तरीय वार्ता की मेजबानी करने जा रहे पाकिस्तान ने राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हालांकि, शीर्ष ईरानी नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि लेबनान पर किए गए इजरायली हमले वार्ता को निरर्थक बना सकते हैं।
USA-Israel-Iran War Ceasefire: ईरान होर्मुज जलमार्ग से जहाजों को गुजरने की अनुमति नहीं देगा
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने गुरुवार को एक अज्ञात वरिष्ठ ईरानी सूत्र के हवाले से बताया कि ईरान अमेरिका के साथ हुए युद्धविराम समझौते के तहत होर्मुज जलमार्ग से प्रतिदिन 15 से अधिक जहाजों को गुजरने की अनुमति नहीं देगा।
USA-Israel-Iran War Ceasefire: मुनीर, शरीफ को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने का प्रस्ताव
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की असेंबली में पीएमएल-एन के एक विधायक ने सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और विदेश मंत्री इशाक डार को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने वाला प्रस्ताव पेश किया। सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के मुख्य सचेतक राणा अरशद की ओर से पेश प्रस्ताव में कहा गया है कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के नेतृत्व ने प्रभावी कूटनीति का प्रदर्शन किया है।
बुधवार को लेबनान में हुए इजरायली हमलों में 300 से ज्यादा लोग मारे गए, 1,150 घायल
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि एक दिन पहले देश भर में हुए इजरायली हमलों में 300 से अधिक लोग मारे गए और कम से कम 1,150 घायल हुए। एक बयान में, मंत्रालय ने कहा, "बुधवार, कल इजरायल के हवाई हमलों के परिणामस्वरूप प्रारंभिक तौर पर 303 लोग शहीद हुए और 1,150 घायल हुए।" मंत्रालय ने आगे कहा कि 2 मार्च को इजरायल और ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक मरने वालों की कुल संख्या 1,888 और घायलों की संख्या 6,092 हो गई है।
मंत्रालय ने चेतावनी दी कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि खोज अभियान जारी है और अस्पतालों में लाए गए शवों का डीएनए परीक्षण किया जा रहा है। एएफपी ने यह जानकारी दी।
ईरान युद्धविराम उल्लंघन का जवाब देने ही वाला था पाकिस्तान ने हस्तक्षेप कर दिया: तेहरान
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के तुरंत बाद गुरुवार रात को युद्धविराम उल्लंघन की घटना पर इस्लामिक गणराज्य जवाबी कार्रवाई करने के कगार पर था, लेकिन वार्ताकार पाकिस्तान के हस्तक्षेप के बाद उसने ऐसा नहीं किया। ईरान के उप विदेश मंत्री सईद ख़ातिबज़ादेह ने यह बात कही।
फार्स समाचार एजेंसी को दिए एक इंटरव्यू में ख़ातिबज़ादेह ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका को लेबनान पर इजरायली हमलों को रोकना चाहिए। जिससे युद्धविराम समझौता खतरे में पड़ गया है और उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्रीय शांति में लेबनान को शामिल किया जाना चाहिए और आने वाले घंटों को नाजुक बताया।
मंत्री ने पुष्टि की कि ईरान का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को इस्लामाबाद में होने वाली आगामी शांति वार्ता में भाग लेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वार्ता के लिए अपने दामाद जेरेड कुशनर, उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और मध्य पूर्व दूत स्टीव विटकॉफ को भेज रहे हैं। इससे पहले, ईरान के उप विदेश मंत्री ने इजरायल पर लेबनान पर अचानक हमला करने का आरोप लगाया और कहा कि यह युद्धविराम का गंभीर उल्लंघन है।
ख़ातिबज़ादेह ने बीबीसी के टुडे कार्यक्रम में कहा कि यह एक तरह का नरसंहार था, जो इज़रायल की सरकार ने लेबनान में युद्धविराम स्वीकार होने के तुरंत बाद किया। उन्होंने आगे कहा कि वाशिंगटन को युद्ध और युद्धविराम में से किसी एक को चुनना होगा, क्योंकि दोनों एक साथ संभव नहीं हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने लेबनान के खिलाफ इजराइल हमलों की निंदा की
इस्लामाबाद में होने वाली अमेरिका-ईरान वार्ता से पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार को इजरायल द्वारा लेबनान के खिलाफ जारी आक्रामकता की निंदा की। शरीफ के कार्यालय ने एक बयान में कहा, "प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्रीय शांति के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रहा है और इसी भावना के साथ ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता आयोजित की जा रही है।"
चीन ने अमेरिका के साथ युद्ध के दौरान ईरान की सेना को समर्थन देने की खबरों का खंडन किया
चीन के रक्षा मंत्रालय ने उन रिपोर्टों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया था कि अमेरिका-इजरायल के ईरान विरोधी युद्ध के दौरान चीनी कंपनियों ने ईरानी सेना को सैटेलाइट इमेज और सेमीकंडक्टर चिप निर्माण उपकरण मुहैया कराए थे।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता झांग शियाओगांग ने कहा कि चीन संबंधित पक्षों द्वारा चीन को निशाना बनाकर फैलाई जा रही अटकलबाजी और भ्रामक सूचनाओं का कड़ा विरोध करता है। वह उन रिपोर्टों पर पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे जिनमें कहा गया था कि सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इंटरनेशनल कॉर्पोरेशन (एसएमआईसी) ने ईरानी सेना को चिप निर्माण उपकरण मुहैया कराए थे और एक चीनी वाणिज्यिक सैटेलाइट कंपनी ने मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों की तस्वीरें जारी की थीं।
झांग ने कहा कि चीन ने उन अमेरिकी अधिकारियों के बयानों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिन्होंने दावा किया था कि वे ईरान की मदद के लिए चीन और रूस द्वारा उठाए गए कदमों से अवगत थे और जरूरत पड़ने पर जवाबी कार्रवाई करेंगे।
झांग ने कहा कि ईरान मुद्दे पर चीन का रुख स्पष्ट और साफ है। हमने हमेशा निष्पक्ष रुख अपनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन ने लगातार शांति वार्ता को बढ़ावा देने का काम किया है और "कभी आग में घी नहीं डाला"। सरकारी समाचार पत्र चाइना डेली ने उनके हवाले से कहा कि कौन एक बात कह रहा है और दूसरी कर रहा है, और कौन दुनिया भर में युद्ध और संघर्ष पैदा कर रहा है? अंतरराष्ट्रीय समुदाय इसे बहुत स्पष्ट रूप से देख रहा है।
हिज़्बुल्लाह पर पूरी ताकत से हमले जारी रहेंगे- बेंजामिन नेतन्याहू
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिज़्बुल्लाह पर 'बल, सटीकता और दृढ़ संकल्प' के साथ हमला करने का संकल्प लिया। लेबनान में लगातार कई भीषण और घातक हमलों के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिज़्बुल्लाह के खिलाफ अपने सैन्य अभियानों को जारी रखने की पुष्टि की है। अपने निजी एक्स अकाउंट पर जारी एक बयान में प्रधानमंत्री ने हमले की व्यापकता पर ज़ोर देते हुए कहा कि सेना "हिज़्बुल्लाह पर पूरी ताकत, सटीकता और दृढ़ संकल्प के साथ हमले जारी रखे हुए है।
यह बयान ऐसे समय में आए हैं जब इज़रायल हिज़्बुल्लाह की क्षमताओं को कमज़ोर करने के अपने अभियान को तेज़ कर रहा है और नेतन्याहू ने चल रहे हवाई हमलों के पीछे के उद्देश्य को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा, "हमारा संदेश स्पष्ट है: जो भी इज़राइली नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, हम उस पर हमला करेंगे," और सैन्य कार्रवाई को सीधे जनता की सुरक्षा से जोड़ा।
अभियान के दायरे पर दृढ़ रुख अपनाते हुए प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि भौगोलिक सीमाएं हवाई अभियान को सीमित नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि सेना जरूरत पड़ने पर हिज़्बुल्लाह पर हमले जारी रखेगी, जिससे संकेत मिलता है कि अभियान व्यापक बने रहेंगे।
नेतन्याहू ने आगे स्पष्ट किया कि हमलों का अंतिम उद्देश्य विस्थापित नागरिकों की सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना है। उन्होंने आगे कहा कि यह हमला तब तक जारी रहेगा जब तक कि हम इज़राइल के उत्तरी हिस्से के निवासियों की सुरक्षा पूरी तरह से बहाल नहीं कर देते। हालांकि, लेबनान में इज़रायल के लगातार अभियान ने अस्थायी युद्धविराम को खतरे में डाल दिया है और ईरान ने अमेरिका-इज़रायल पक्ष पर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। इन घटनाक्रमों के जवाब में तेहरान ने इस सप्ताहांत इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता से हटने की धमकी दी है।
