ईरान ने मंगलवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के निरीक्षकों के लिए अमेरिका द्वारा बमबारी किए गए परमाणु स्थलों का दौरा करने का कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं है। इस्माइल बगाई ने ईरान की राजधानी तेहरान में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से यह बात कही। बता दें कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने दावा किया था कि स्विट्जरलैंड में हुई बातचीत में आईएईए को ईरानी स्थलों का दौरा करने की अनुमति देने पर सहमति बनी है।
2025 में ईरान के खिलाफ इजरायल के 12 दिवसीय युद्ध के बाद से आईएईए ईरान में आता-जाता रहा है। हालांकि उसे उस युद्ध में अमेरिका द्वारा निशाना बनाए गए बमबारी से नष्ट हुए संवर्धन स्थलों तक पहुंच नहीं दी गई है।
पाक दौरे पर ईरानी राष्ट्रपति
मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन पाकिस्तान के दौरे पर जा रहे हैं। पेज़ेशकियन उन अधिकारियों से बातचीत करने वाले हैं, जो ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता कर रहे हैं। अब तक हुई बातचीत पर कुछ मतभेद भी सामने आ रहे हैं।
राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन का इस्लामाबाद दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब टीमें समझौते की बारीकियों पर काम कर रही हैं। इससे पहले सोमवार को स्विट्जरलैंड में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान के संसदीय स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलिबफ की अगुवाई में उच्च-स्तरीय बातचीत हुई थी।
क्या अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद करेगा ईरान?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईरान द्वारा अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद के बारे में विशेष रूप से पूछे जाने पर बगाई ने कहा कि ईरान कीमतों और गुणवत्ता के आधार पर तय करेगा कि वह क्या आयात करेगा। इस्माइल बगाई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जेडी वेंस की टिप्पणियों का सीधे तौर पर जवाब नहीं दिया। इस्माइल बगाई ने कहा, “यह दिलचस्प है कि युद्ध का दर्शन और लक्ष्य, जो ईरानी सभ्यता का विनाश और ईरान का पतन था, अब अमेरिकी किसानों को समृद्ध बनाना बन गया है।”
यह भी पढ़ें: ‘अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दो’, इटली की पीएम मेलोनी ने फिर डोनाल्ड ट्रंप के दावे पर किया तीखा पलटवार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच विवाद बढ़ता हुआ दिख रहा है। शनिवार को जब ट्रंप ने फोटो लेने वाले दावे को फिर से दोहराया तो मेलोनी नहीं दोबारा पलटवार किया और कहा कि आपका दोस्त होना बिल्कुल मददगार साबित नहीं हुआ। पढ़िए पूरी खबर…
