अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने बुधवार को कहा है कि संगठन के सदस्य देशों ने अपने तेल भंडार से 40 करोड़ बैरल तेल रिलीज करने पर सहमति दे दी है। यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि ईरान के साथ चल रहे युद्ध के कारण तेजी से बढ़ रही तेल कीमतों को काबू किया जा सके।

आईईए के कार्यकारी निदेशक फातिह बिरोल ने कहा, “तेल बाजार में हम जिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं वे अभूतपूर्व हैं, इसलिए मुझे बहुत खुशी है कि आईईए के सदस्य देश इसके मुकाबले के लिए एक साथ आए हैं।” हालांकि एजेंसी ने अभी यह नहीं बताया है कि तेल भंडार कब तक रिलीज किया जाएगा।

आईईए की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस कदम को कैसे लागू किया जाएगा, इस बारे में बाद में बताया जाएगा।

आईईए की घोषणा के बाद अमेरिकी कच्चे तेल का भाव लगभग 84 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा और यह इसकी पहले की कीमत से कुछ ही डॉलर कम था। इससे पता चलता है कि बाजार को इस कदम से तुरंत राहत मिलने या वैश्विक आपूर्ति के तेजी से बढ़ने की उम्मीद नहीं है।

पश्चिम एशिया में युद्ध बढ़ने के बीच ही ईरानी सेना की धमकियों के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल के टैंकरों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। अनुमान के तौर पर हर दिन लगभग 2 करोड़ बैरल तेल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर जाता है। इससे हर दिन दुनिया की 1 करोड़ बैरल से अधिक कच्चे तेल की मांग पूरी करने में मदद मिलती है।

तीन जहाजों पर हुए हमले

ब्रिटेन की समुद्री व्यापार निगरानी एजेंसी ने बुधवार को बताया कि इस इलाके में कम से कम तीन जहाजों पर हमले किए गए। इस वजह से बीमा कंपनियों, तेल कंपनियों और मालवाहक कंपनियों ने इस इलाके से गुजरना बंद कर दिया है। वैश्विक बाजार तक तेल और गैस की जरूरी मात्रा नहीं पहुंच पाने के कारण पिछले दो हफ्तों में ऊर्जा की कीमतें आसमान छू रही हैं। युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका में कच्चे तेल की कीमतों में 25% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। खुदरा पेट्रोल की कीमतों में 50 सेंट से अधिक की वृद्धि हुई है।

आईईए के संगठन में 32 सदस्य देश हैं। इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, जर्मनी, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, इटली और मैक्सिको आदि शामिल हैं। आईईए ने कहा है कि उसके सदस्य देशों के पास सामूहिक रूप से 1.2 अरब बैरल से अधिक का आपातकालीन भंडार है।

यह भी पढ़ें- घबराने की जरूरत नहीं

पेट्रोलियम मंत्रालय ने बुधवार को कहा है कि एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।