सिंधु जल संधि (Indus Water Treaty) को लेकर पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ बयान दिया है। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि अगर पाकिस्तान को उसके हिस्से का पानी देने से रोकने की कोशिश की गई तो इसका क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ेगा।

ऑस्ट्रिया में आयोजित एक इंटरनेशनल वाटर सिम्पोजियम को संबोधित करते हुए डार ने कहा कि पाकिस्तान अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान को मिलने वाले पानी से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

डार ने कहा कि पानी पाकिस्तान की खाद्य सुरक्षा, खेती, बिजली उत्पादन और अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक, सिंधु नदी प्रणाली पर पाकिस्तान की बड़ी आबादी निर्भर है।

पाकिस्तान के आरोप

पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने भारत पर अप्रैल 2025 में सिंधु जल संधि को एकतरफा तौर पर ‘निलंबित’ करने का आरोप भी दोहराया। उन्होंने कहा कि संधि में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जिसके तहत कोई एक पक्ष इसे एकतरफा तरीके से रोक सके।

यह भी पढ़ें: सिंधु जल संधि खत्म होने के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच पानी का बंटवारा कैसे होगा? क्या है आगे की राह

डार ने परमानेंट कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन (PCA) के फैसले का भी जिक्र किया और दावा किया कि अदालत ने सिंधु जल संधि को लागू बताया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस मुद्दे को बातचीत, कूटनीति और संधि में दिए गए विवाद समाधान तंत्र के जरिए सुलझाना चाहता है।

हालांकि, भारत पहले ही PCA की कार्यवाही और उसके फैसले को मान्यता देने से इनकार कर चुका है। भारत ने अदालत के फैसले को खारिज करते हुए कहा था कि वह इस मामले में अदालत के अधिकार क्षेत्र को स्वीकार नहीं करता।

आपको बता दें कि सिंधु जल संधि 1960 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुई थी। इसके तहत रावी, ब्यास और सतलुज नदियों का पानी मुख्य रूप से भारत के हिस्से में है जबकि सिंधु, झेलम और चिनाब का पानी मुख्य रूप से पाकिस्तान को आवंटित किया गया है।

भारत को पाकिस्तान से दोबारा बातचीत की जरूरत क्यों पड़ी? समझिए विवाद की पूरी कहानी

भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को ‘स्थगित’ (In Abeyance) रखने का फैसला अभी तक बरकरार रखा है। पिछले कुछ हफ्तों में पाकिस्तान की ओर से कई तीखी और राजनीतिक बयानबाज़ियां सामने आई हैं। पाकिस्तान ने पिछले महीने इस संधि पर एक तथाकथित ‘अंतरराष्ट्रीय’ कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की। इसमें वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों और प्रमुख नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सिंधु नदी बेसिन की नदियों के जल प्रवाह में किसी तरह की रुकावट डाली गई तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और युद्ध जैसी हालात भी पैदा हो सकते हैं।