अमेरिका के यूटा में एक व्यक्ति को भारतीय मूल के एक व्यक्ति पर कई बार चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, शख्स ने बाद में पुलिस को बताया कि उसने पीड़ित को उसके धर्म के कारण निशाना बनाया और उसका इरादा मुसलमानों को जान से मारने का था। आरोपी ने पीड़ित से पहले पूछा कि ‘क्या आप मुसलमान हैं’ और फिर उस पर चाकू से 15 बार हमला किया।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी पुलिस ने एक हलफनामे में कहा कि पीड़ित के शरीर पर कई जगह चाकू के घाव थे और उससे बहुत अधिक खून बह रहा था। यह घटना तब घटी जब संदिग्ध व्यक्ति पीड़ित के पास आया और उससे उसका नाम और धर्म पूछा और उसके बाद पानी की बोतल मांगी।
आरोपी ने भारतीय पर 15 बार चाकू से वार किया
जैसे ही पीड़ित भारतीय पानी की बोतल लेने के लिए मुड़ा, आरोपी ने कथित तौर पर उस पर 15 बार चाकू से वार किया। घायल पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बाद में बताया कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही आरोपी लार्सन को वहां मौजूद लोगों ने जमीन पर गिरा दिया था।
‘क्या तुम मुसलमान हो?’
पीड़ित एक मॉल में काम करता है। एबीसी4 न्यूज के अनुसार , घटनास्थल के कियोस्क के मालिक अदनान मोहम्मद ने पीड़ित की पहचान का खुलासा किया और बताया कि 37 वर्षीय भारतीय सोहेल वैली फेयर मॉल में स्थित कियोस्क में काम करता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी लार्सन ने हमला करने से पहले पीड़ित से पूछा, ‘तुम कहां से हो?’ जिस पर उसने बताया, ‘मैं भारत से हूं, मेरा नाम सोहेल है।’ इसके बाद हमलावर ने पूछा, ‘क्या तुम मुसलमान हो?’ और सोहेल के हाँ कहते ही आरोपी ने उस पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया।”
पुलिस के मुताबिक, यूटा राज्य के वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली फेयर मॉल में हुए इस हमले के पीछे धार्मिक घृणा की भावना झलकती है। आरोपी पीटर माइकल लार्सन (48) ने पुलिस को बताया कि हिंसक कृत्यों, विचारधाराओं और पूर्व नियोजित सामूहिक नरसंहार की घटनाओं के आधार पर रिहा किए जाने पर वह जनता के लिए एक बड़ा खतरा साबित होगा।
यह भी पढ़ें: होर्मुज में भारतीय नाविकों पर हमले के बाद भारत सख्त
भारत ने होर्मुज में भारतीय नाविकों पर हुए हमले को लेकर ईरान के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस मामले में विदेश मंत्रालय (MEA) ने ईरान के मिशन उप प्रमुख (Deputy Chief of Mission) को तलब किया है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
