यूएई में रहने वाले भारतीय प्रवासियों को अब घर बैठे ही पासपोर्ट रिन्यूअल कराने की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा बीएलएस इंटरनेशनल की जगह सर्विस देने वाले नए प्रोवाइडर की तरफ से दी जाएगी। अलहिंद ग्रुप जो UAE में भारतीय दूतावास के लिए कांसुलर सर्विस के रूप में बीएलएस इंटरनेशनल की जगह लेने जा रहा है ऐसी सर्विस की टेस्टिंग कर रहा है जिससे भारतीय बिना घर से बाहर निकले अपने पासपोर्ट का रिन्यूअल करा सकेंगे।

खलीफ टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अलहिंद ग्रुप, 1 जुलाई 2026 से सभी अमीरात में 16 केंद्र संचालित करेगा। ग्रुप ने अपनी सर्विस में कम वेटिंग टाइम, एक समान शुल्क और देश के 40 लाख से अधिक भारतीय समुदाय के लिए अपनी तरह की पहली घर-आधारित पासपोर्ट रिन्यूअल पायलट प्रोजेक्ट की बात की है।

घर-आधारित पासपोर्ट रिन्यूअल प्रोजेक्ट

यूएई में अलहिंद के ऑपरेशंस मैनेजर अरुण राधाकृष्णन ने कहा, “हमने स्थानों को अंतिम रूप दे दिया है और दूतावास से मंजूरी भी मिल गई है। अब हम कुछ अंतिम कागजी कार्रवाई पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। सभी स्थानों की पूरी सूची जल्द ही जारी की जाएगी। हमें उम्मीद है कि 15 जून तक सभी कार्यालय पूरी तरह से चालू हो जाएंगे ताकि हम 1 जुलाई से कांसुलर सेवाएं शुरू कर सकें।”

अलहिंद संयुक्त अरब अमीरात के सभी अमीरातों अबू धाबी, दुबई, कल्बा, खोरफक्कन और फुजैराह सहित में 16 केंद्र संचालित करेगा। इनमें से सबसे बड़ा केंद्र बुर दुबई में खुलेगा जो 12,000 वर्ग फुट में फैला होगा और इसमें 45 से अधिक काउंटर होंगे।

बिना अपॉइंटमेंट के पासपोर्ट सेंटर आ सकेंगे लोग

अरुण ने कहा, “हमारा मकसद यह है कि लोग आसानी से अपॉइंटमेंट ले सकें और बुनियादी सेवाओं के लिए उन्हें ज्यादा पैसे खर्च करने के लिए मजबूर न होना पड़े। हम लोगों के लिए कांसुलर सेवाओं तक पहुंच को यथासंभव आसान बनाना चाहते हैं। साथ ही, दूतावास के नियमों के अनुसार, कोई भी अभिभावक जो अपने नवजात शिशु का पासपोर्ट बनवाना चाहता है, वह बिना अपॉइंटमेंट के केंद्र में आ सकता है।”

अलहिंद एक ऐसी सर्विस की टेस्टिंग कर रहा है जिससे भारतीय बिना घर से बाहर निकले अपना पासपोर्ट रिन्यू करा सकेंगे। अरुण ने कहा, “हम इस सेवा का परीक्षण करने के लिए लेटेस्ट तकनीक का उपयोग कर रहे हैं। सब कुछ अगर योजना के अनुसार हुआ तो हम इसे जल्द ही आम जनता के लिए शुरू कर पाएंगे। फिलहाल, टेस्टिंग आशाजनक दिख रही है। जिस मॉडल की टेस्टिंग चल रही है उसके तहत आवेदक अपनी जानकारी ऑनलाइन जमा करेंगे और कर्मचारी अतिरिक्त दस्तावेज या बायोमेट्रिक डेटा एकत्र करने के लिए उनके घर जाएंगे।

ईरान युद्ध के दौरान नेतन्याहू ने किया था UAE का सीक्रेट दौरा?

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने यूएई का दौरा किया और वहां राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से गुप्त मुलाकात की थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें