भारत ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारत ने अपने नागरिकों से कहा कि वे तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय के बिना आगे की यात्रा के लिए किसी भी सीमा को पार करने का प्रयास न करें। दूतावास ने कहा कि वैसे भारतीय नागरिक जो उसकी जानकारी और मार्गदर्शन के बिना सीमा पार करके ईरान छोड़ने का प्रयास करते हैं, उन्हें आवागमन और इमीग्रेशन संबंधी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

एडवाइजरी में क्या कहा गया?

एडवाइजरी में कहा गया, ”ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे भारतीय दूतावास के साथ पूर्व और स्पष्ट समन्वय के बिना आगे की यात्रा के लिए ईरान की किसी भी सीमा को पार करने का प्रयास न करें। पूर्व समन्वय के बिना लोगों के ईरानी क्षेत्र से बाहर जाने पर दूतावास सहायता प्रदान करने की स्थिति में नहीं होगा। दूतावास भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ नियमित संपर्क में है और जहां भी आवश्यक हो, व्यवस्थाएं की जा रही हैं।”

दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों से आग्रह किया कि वे उसकी सलाहों का सख्ती से पालन करें और किसी भी यात्रा से पहले आधिकारिक चैनल के संपर्क में रहें। दूतावास ने हेल्पलाइन भी जारी की है, जिसपर भारतीय नागरिक संपर्क कर सकते हैं। यह एडवाइजरी अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हाल में किए गए हमलों के मद्देनजर जारी किया गया है।

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजरा एलपीजी टैंकर

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए अच्छी खबर आई है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर शिवालिक एलपीजी करियर स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजरकर गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंचने वाला है। अब तक भारत के तीन बड़े एलपीजी करियर स्टेट ऑफ हॉर्मुज से होकर भारत पहुंच चुके हैं। इस पर अमेरिका ने कहा है कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और तेल की कीमतों को स्थिर करने के लिए ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं।

(यह भी पढ़ें- ट्रंप ने होर्मुज की सुरक्षा के लिए मांगी मदद)

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के ईरान के प्रयास से प्रभावित देशों से आग्रह किया है कि वे इस समुद्री मार्ग को सुरक्षित करने के लिए पोत भेजें। पढ़ें पूरी खबर