यूक्रेन द्वारा किए गए ड्रोन हमलों में रविवार को एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। दूसरी ओर, रूस ने चार लोगों की मौत और एक दर्जन लोगों के घायल होने की बात कही है। ये ड्रोन हमला युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक किए गए सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक था।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ड्रोन हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि ये हमले पूरी तरह सही थे। रात भर चले ड्रोन हमले में क्रास्नोगोर्स्क में आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा। रूसी अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान सैकड़ों ड्रोनों को रोका गया।
मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने इस मामले में बयान जारी कर कहा है कि दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात की है।
रूस बोला- चार लोग मारे गए
रूस के अधिकारियों ने बताया है कि ड्रोन हमलों में चार लोग मारे गए हैं, इनमें मॉस्को के पास खिमकी की एक महिला और पोगोरेलकी गांव के दो पुरुष शामिल हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यूक्रेन की सीमा से लगे बेलगोरोड क्षेत्र में एक ड्रोन हमले में ट्रक के क्षतिग्रस्त होने की वजह से एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि ड्रोन हमलों में शहर की तेल रिफाइनरी के पास के इलाकों को निशाना बनाया गया और इस दौरान कम से कम 12 लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी की टेक्नोलॉजी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
रूस के सबसे बड़े हवाई अड्डे शेरेमेत्येवो के प्रशासन ने बताया कि ड्रोन का मलबा उसके परिसर में गिरा लेकिन इसका उड़ानों पर कोई असर नहीं पड़ा।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने सोबयानिन के हवाले से बताया कि रूसी रक्षा बलों ने रात में मॉस्को की ओर जा रहे 81 ड्रोन को मार गिराया। यह हमला, 24 फरवरी, 2022 को रूस द्वारा यूक्रेन के खिलाफ आक्रमण शुरू करने के बाद से शहर पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक है।
ड्रोन हमलों को किया नाकाम
रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार सुबह बताया कि रूसी वायुसेना ने शनिवार रात को यूक्रेन द्वारा किये गए 556 ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 1,000 से अधिक ड्रोन मार गिराए या उन्हें नाकाम कर दिया गया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के ड्रोन ने 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर रूसी क्षेत्र को निशाना बनाया।
जेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेन रूस की राजधानी और आसपास लगी हवाई रक्षा प्रणालियों को भेदने में सफल हो रहा है। यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने रविवार की सुबह तक उसके इलाके पर 287 ड्रोन हमले किये जिनमें से 279 को नाकाम कर दिया गया। इन हमलों में आठ लोग घायल हुए हैं।
ट्रंप के बाद अब पुतिन का चीन दौरा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 15 मई को अपने चीन दौरे से वापस लौट चुके हैं, अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन के दौरे पर बीजिंग पहुंचेंगे। रूस और चीन ने इसकी पुष्टि कर दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
