सऊदी अरब ने मक्का की एक मस्जिद के अंदर कथित तौर पर “अनैतिक काम” करने के आरोप में दो बांग्लादेशी नागरिकों को फांसी दे दी। यह कार्रवाई कल की गई। बांग्लादेश के अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के दोनों नागरिकों के नाम नजरुल इस्लाम अब्दुल बासिर और सिटि अख्तर बताए गए हैं।

सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के मुताबिक, दोनों पर मक्का की एक मस्जिद के अंदर अनैतिक काम करने का आरोप था। हालांकि, अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्होंने वास्तव में क्या किया था।

सऊदी सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों को गिरफ्तार किया था। जांच के बाद मामला अदालत में पहुंचा। अदालत ने आरोपों को सही मानते हुए दोनों को मौत की सजा सुनाई।

मंत्रालय के अनुसार, दोनों को इस्लामी कानून के तहत “ताज़ीर” के आधार पर मौत की सजा दी गई। ताज़ीर ऐसी सजा होती है, जिसमें सजा का निर्धारण संबंधित न्यायिक व्यवस्था के विवेक पर निर्भर करता है।

संबंधित अधिकारियों ने अदालत के फैसले को बरकरार रखा और इसके बाद शाही आदेश जारी किया गया। फिर मक्का क्षेत्र में दोनों को फांसी दे दी गई।जेद्दा स्थित बांग्लादेश के महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि सऊदी अधिकारियों ने फांसी से पहले उसे इसकी जानकारी नहीं दी थी।

हालांकि, दूतावास ने सऊदी विदेश मंत्रालय को औपचारिक राजनयिक पत्र भेजकर इस मामले की आधिकारिक पुष्टि मांगी है। सऊदी अरब के आधिकारिक बयान में यह नहीं बताया गया कि कथित अनैतिक काम क्या था, घटना किस मस्जिद में हुई थी और दोनों को कब गिरफ्तार किया गया था।

अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश नाकाम

अमेरिका में नवरात्रि के मौके पर एक हिंदू मंदिर में भीड़ को निशाना बनाकर हमले की साजिश के आरोप में 19 साल के लड़के को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पूरी साजिश रच चुका था और हमले को अंजाम देने ही वाला था, लेकिन तभी उसकी राइफल जाम हो गई और वह फिर पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। पढ़ें पूरी खबर।