US-Iran Tension News: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने चेतावनी दी कि देश पर अमेरिका का कोई भी हमला रीजनल वॉर में बदल जाएगा। खामेनेई ने ईरानियों से कहा कि उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बयानबाजी से डरना नहीं चाहिए।” उन्होंने कहा, “अमेरिकियों को यह पता होना चाहिए कि अगर वे वॉर शुरू करते हैं, तो इस बार यह एक रीजनल वॉर होगा।”

एक सत्र में बोलते हुए अयातुल्ला खामेनेई ने कहा, “हम युद्ध के सूत्रधार नहीं हैं। हम किसी पर अत्याचार नहीं करना चाहते। हम किसी देश पर हमला नहीं करना चाहते। हालांकि, जो कोई भी हमला करने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसे ईरानी राष्ट्र की ओर से करारा जवाब मिलेगा।” खामेनेई ने आगे कहा, “तीस सालों से ज्यादा समय तक अमेरिकी ईरान में मौजूद रहे। ईरान के संसाधन, तेल, राजनीति और सुरक्षा सब कुछ उनके हाथों में था। अब जब उनकी पकड़ टूट गई है, तो वे वापसी का रास्ता तलाश रहे हैं। ईरानी राष्ट्र दृढ़ता से खड़ा है और उन्हें ऐसा करने से रोक रहा है।”

ईरान को डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए- खामेनेई

ईरान के सुप्रीम लीडर ने कहा, “अमेरिकी कभी-कभी युद्ध की बातें करते हैं। जैसे कि हम वॉरशिप और विमान लेकर आएंगे। यह कोई नई बात नहीं है। ईरानी राष्ट्र ऐसी बातों से प्रभावित नहीं होता। उन्हें ऐसी बातों से ईरानी राष्ट्र को डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।” हाल के दिनों में ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि ईरान पर अमेरिका का कोई भी हमला सीमित युद्ध नहीं होगा। लेकिन साथ ही, तेहरान ने यह भी संकेत दिया कि वह कूटनीति के लिए तैयार है। रविवार को ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे बढ़ रही है।

ये भी पढ़ें: भारत अब ईरान से नहीं वेनेजुएला से खरीदेगा तेल, डोनाल्ड ट्रंप बोले- हमारी डील हो गई है

ट्रंप ने खामेनेई के बयान पर दी प्रतिक्रिया

खामेनेई के बयान के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान किसी समझौते के लिए तैयार होगा। फ्लोरिडा में अपने मार-ए-लागो आवास पर पत्रकारों से बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य तैनाती काफी है, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रशासन एक राजनयिक समाधान को प्राथमिकता देता है।

हमारे पास दुनिया के सबसे शक्तिशाली जहाज- ट्रंप

ट्रंप ने कहा, “हमारे पास दुनिया के सबसे बड़े और सबसे शक्तिशाली जहाज वहां मौजूद हैं, बहुत करीब और उम्मीद है कि कुछ ही दिनों में हम समझौता कर लेंगे। अगर समझौता नहीं हुआ, तो हमें पता चल जाएगा कि वह सही थे या नहीं।”

‘हमारे बहुत सारे जहाज ईरान की ओर रवाना हो रहे’, डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी, सामने रखीं ये दो शर्त