अमेरिका और ईरान के बीच जारी मध्यस्थता प्रयासों पर सवाल उठाते हुए रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने मंगलवार को पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उन्हें इस्लामाबाद पर “बिल्कुल भरोसा नहीं” है। पाकिस्तान की भूमिका पर संदेह जताते हुए उन्होंने कहा कि वाशिंगटन को ईरान के साथ किसी भी संभावित समझौते के लिए किसी दूसरे मध्यस्थ की तलाश करनी चाहिए।
सीनेट एप्रोप्रिएशंस सबकमेटी में ईरान युद्ध और रक्षा बजट पर हुई सुनवाई के दौरान ग्राहम ने अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में जारी गतिरोध पर नाराजगी जताई। रिपब्लिकन सीनेटर की यह टिप्पणी सीबीएस न्यूज की एक रिपोर्ट के बाद आई जिसमें अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया था कि युद्धविराम के दौरान पाकिस्तान ने ईरानी सैन्य विमानों को अपने एयरबेस पर ठहरने की अनुमति दी।
अमेरिकी सीनेटर का पाकिस्तान पर आरोप
रिपोर्ट में कहा गया कि ईरान के कुछ विमान पाकिस्तान एयर फोर्स के नूर खान एयरबेस पर मौजूद थे। इस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए ग्राहम ने कहा, “मुझे पाकिस्तान पर जरा भी भरोसा नहीं है। अगर सच में पाकिस्तान ने ईरानी विमानों को अपने एयरबेस पर जगह दी है ताकि ईरान की सैन्य संपत्तियों की रक्षा हो सके तो इसका मतलब है कि हमें किसी और को मध्यस्थ बनाने पर विचार करना चाहिए। कोई हैरानी नहीं कि यह शांतिवार्ता को आगे नहीं बढ़ रहा।”
सुनवाई के दौरान ग्राहम ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से पूछा कि क्या पाकिस्तान द्वारा कथित तौर पर ईरानी विमानों को जगह देना एक निष्पक्ष मध्यस्थ की भूमिका के अनुरूप है। इस पर हेगसेथ ने कहा कि वह चल रही बातचीत के बीच टिप्पणी नहीं करना चाहते। सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट में दावा किया गया कि ईरान ने कई विमान जिनमें लॉकहीड C-130 का एक सर्विलांस वेरिएंट भी शामिल है, रावलपिंडी के पास स्थित नूर खान एयरबेस भेजे गए थे।
हालांकि, एक पाकिस्तानी अधिकारी ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा, “नूर खान एयरबेस शहर के बीचोंबीच स्थित है। वहां बड़ी संख्या में विमान छिपाए नहीं जा सकते।” इससे पहले भी सीनेटर ग्राहम ने कहा था कि अमेरिका को अमेरिका-ईरान वार्ता में पाकिस्तान की मध्यस्थ की भूमिका का “फिर से मुल्यांकन” करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें – ‘ईरानियों को साइडलाइन कर दूंगा…’, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- सीजफायर लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सांसदों के साथ रोज गार्डन क्लब डिनर में सोमवार को हिस्सा लिया। डिनर से पहले उन्होंने सांसदों को संबोधित किया। अपने संबोधन में अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, “मैं डिनर के लिए आपके साथ शामिल होने जा रहा हूं। मैं आज शाम के लिए ईरानियों को एक तरफ रख दूंगा यानी उन्हें दरकिनार कर दूंगा।” पूरी खबर पढ़ें…
