थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक पब में रविवार देर रात भयंकर आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पब के मुख्य दरवाजे से आग की लपटें निकलती दिख रही हैं और लोग जान बचाने के लिए भागते दिखाई दे रहे हैं।

आग लगने की यह घटना Na Ladprao pub में हुई। बचावकर्मियों ने बताया कि आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपंट ने बताया कि 63 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से 22 की हालत गंभीर है। 

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलते देखा

न्यूज एजेंसी एपी ने प्रधानमंत्री के हवाले से बताया कि पब में मौजूद एक संगीतकार ने उन्हें बताया कि बिजली गुल होने से कुछ ही देर पहले उसने स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलते देखा था। इसके बाद धमाका हुआ और पब में धुआं भर गया। 

गायिका सुकन्या वोंगवोंगवाई ने एपी को बताया कि जैसे ही उन्हें घटना के बारे में पता चला कि वे तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुकन्या ने बताया कि उनके एक साथी की मौत हो गई, तीन अस्पताल में भर्ती हैं और एक सदस्य अब भी लापता है। उन्होंने बताया कि आग लगते ही पूरे पब में अंधेरा छा गया और धुआं फैल जाने के कारण अंदर मौजूद लोग एक-दूसरे को नहीं ढूंढ पाए।

पहले भी हुई क्लब में आग लगने की घटनाएं

थाईलैंड में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। 2022 में एक म्यूजिक पब में लगी आग में 14 लोगों की मौत हो गई थी। 2009 में नए साल के जश्न के दौरान बैंकॉक के संतिका नाइटक्लब में लगी आग में 66 लोग मारे गए थे और 200 से ज्यादा झुलस गए थे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के 900 रेस्टोरेंट और क्लब फायर सिक्योरिटी की निगरानी में

गोवा नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत के बाद दिल्ली के 900 रेस्टोरेंट और क्लब भी फायर सिक्योरिटी की निगरानी में आ गए हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।