सोमवार को तेल की कीमतें पिछले दो हफ्तों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गईं। इसका कारण अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत में प्रगति के संकेत हैं जिससे संभावित शांति समझौते की उम्मीद बढ़ी है। यह जानकारी समाचार एजेंसी Reuters की रिपोर्ट में दी गई।
ब्रेंट क्रूड की कीमत $4.71 यानी 4.55% गिरकर $98.83 प्रति बैरल पर आ गई जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 4.57 डॉलर यानी 4.73% टूटकर 92.03 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इससे पहले दोनों बेंचमार्क 7 मई के बाद के अपने सबसे निचले स्तर तक गिर गए थे।
यह गिरावट ऐसे समय आई है जब वॉशिंगटन ने ईरान के साथ संघर्ष सुलझाने की कोशिशों में प्रगति के संकेत दिए। हालांकि कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर अब भी मतभेद बने हुए हैं।
‘किसी भी समझौते में जल्दबाज़ी नहीं करनी चाहिए’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह के आकिर में कहा था कि शांति समझौते पर ‘काफी हद तक बातचीत पूरी हो चुकी है।’ इसमें एक संभावित समझौता ज्ञापन (Memorandum of Understanding) भी शामिल है जो होर्मुज़ जलमार्ग(Strait of Hormuz) को फिर से खोलने का रास्ता बना सकता है।
हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि उन्होंने वार्ताकारों को ‘किसी भी समझौते में जल्दबाज़ी ना करने’ के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत अभी जारी है। होर्मुज़ जलमार्ग वैश्विक ऊर्जा व्यापार के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। संघर्ष शुरू होने से पहले दुनिया के लगभग पांचवें हिस्से का तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) इसी रास्ते से भेजी जाती थी।
आपूर्ति को लेकर चिंताएं अब भी बरकरार
हालांकि शांति समझौते को लेकर उम्मीद बढ़ी है लेकिन संघर्ष से जुड़े प्रतिबंध- जिनमें होर्मुज़ जलमार्ग (Strait of Hormuz) पर असर डालने वाली नाकेबंदियां भी शामिल हैं और अब भी मध्य पूर्व से तेल की आपूर्ति को सीमित कर रहे हैं।
विश्लेषकों का कहना है कि अगर समझौता हो भी जाता है तब भी तेल आपूर्ति सामान्य होने में समय लगेगा।
एमएसटी मार्की (MST Marquee) के विश्लेषक सॉल कैवोनिक (Saul Kavonic) ने कहा, ”शांति समझौते और होर्मुज़ जलडमरूमध्य से जुड़े सभी जोखिमों और अनिश्चितताओं के बावजूद अब शांति समझौते को लेकर उम्मीद की कुछ रोशनी दिखाई दे रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि इससे निकट भविष्य में तेल की कीमतों को कुछ राहत मिल सकती है।
हालांकि बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जलडमरूमध्य से तेल और गैस की आवाजाही पूरी तरह सामान्य होने तथा क्षतिग्रस्त ऊर्जा सुविधाओं की मरम्मत में कई महीने लग सकते हैं।
होर्मुज पर ट्रंप ने क्या कहा
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि प्रस्तावित समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोला जाएगा। उन्होंने कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और सूचीबद्ध अन्य विभिन्न देशों के बीच एक समझौते पर काफी हद तक बातचीत हो चुकी है, जिसे अंतिम रूप देना बाकी है।” ट्रंप ने आगे कहा कि उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से अलग से बात की। नेतन्याहू से बातचीत काफी अच्छी रही।
यूरेनियम छोड़ने को तैयार हुआ ईरान, न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में बड़ा दावा
ईरान-अमेरिका शांति समझौते के बीच अब तक की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। ईरान अब एनरिच्ड यूरेनियम छोड़ने के लिए राजी हो गया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते के तहत एनरिच्ड यूरेनियम के अपने भंडार को छोड़ने के लिए सहमति व्यक्त की है। इस समझौते का उद्देश्य चल रहे संघर्ष को समाप्त करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना है। पढ़ें पूरी खबर।
