होर्मुज जलमार्ग से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर विस्फोटक उपकरणों (explosive devices) से हमला किया गया। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के मुताबिक, एक छोटी नाव टैंकर के पास आई और उसके बाहरी हिस्से पर पानी की सतह से ऊपर दो विस्फोटक उपकरण लगा दिए। धमाकों के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और कुछ समय के लिए टैंकर का संचालन ठप हो गया।
UKMTO ने शुक्रवार को जारी अपडेट में बताया कि घटना गुरुवार रात करीब 10:12 बजे UTC पर ओमान के खासाब से लगभग 25 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में हुई। एजेंसी को मिली पुष्टि के मुताबिक, टैंकर के चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और समुद्र में किसी तरह का प्रदूषण नहीं हुआ है।
UKMTO ने बताया कि आग अब बुझा दी गई है और टैंकर अपने अगले तय बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है। शुरुआत में एजेंसी को सूचना मिली थी कि होर्मुज जलमार्ग से बाहर जा रहे एक टैंकर में आग लगी है। उस समय आग लगने की वजह, चालक दल की स्थिति और जहाज को हुए नुकसान की जानकारी नहीं थी। घटना के बाद UKMTO ने इस इलाके से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है।
ईरान ने बारूदी सुरंग से टकराने का किया दावा
इस घटना को लेकर ईरान की सेना ने अलग दावा किया है। सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB के मुताबिक, ईरानी सेना की नौसेना ने कहा कि होर्मुज जलमार्ग के पूर्व में एक प्रतिबंधित और असुरक्षित क्षेत्र से गुजर रहा टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। ईरान का कहना है कि इस वजह से जहाज आगे नहीं बढ़ सका।
ईरानी नौसेना ने उन जहाजों को चेतावनी भी दी है जो बिना कॉर्डिनेशन के प्रतिबंधित क्षेत्रों से गुजरने की कोशिश कर रहे हैं। ईरानी सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि तेहरान की शर्तें पूरी होने तक जलमार्ग बंद रहेगा।
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने भी कहा कि अमेरिका की दबाव बनाने की नीति से ईरान का रुख नहीं बदलेगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि बातचीत तभी आगे बढ़ सकती है जब ईरान की सात शर्तें स्वीकार की जाएंगी।
अमेरिका में ईरान को लेकर सैन्य विकल्पों पर चर्चा
इस बीच अमेरिका में ईरान को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा जारी है। ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के संबंध में सैन्य विकल्पों की जानकारी दी।
इस बैठक में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने हाल के हफ्तों में मध्य पूर्व में अपनी हवाई सुरक्षा, हथियारों और अन्य सैन्य साजो-सामान की तैनाती भी बढ़ाई है।
उधर ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में कम से कम तीन तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग की चपेट में आए। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) का आरोप है कि इन जहाजों ने बिना अनुमति दक्षिणी रास्ते का इस्तेमाल किया, अपने रडार और नेविगेशन सिस्टम बंद किए और ईरानी नौसेना की चेतावनियों को नजरअंदाज किया।
हालांकि, टैंकर पर हमले को लेकर UKMTO और ईरानी सेना के बयानों में अंतर है। ऐसे में घटना की वजह और जिम्मेदारी को लेकर जांच जारी है।
होर्मुज जलमार्ग खोलने को तैयार तेहरान, डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा
अमेरिका और ईरान के बीच पिछले 6 महीने से सैन्य संघर्ष जारी है। इसके चलते पश्चिम एशिया में तनाव की स्थिति अभी भी बनी हुई है और लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे वक्त में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान होर्मुज जलमार्ग खोलने के लिए तैयार हो गया है क्योंकि ईरान का वित्तीय खजाना खाली हो चुका है, और उसके पास कमाई का कोई भी साधन नहीं है।
