ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर गलिबफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी का मजाक उड़ाया है जिसमें होर्मुज़ जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों को रोकने की बात कही गई थी। उन्होंने व्हाइट हाउस को अमेरिका में बढ़ती गैस कीमतों की याद दिलाई।
गलिबफ ने व्हाइट हाउस के पास पेट्रोल की मौजूदा कीमतों की एक तस्वीर शेयर करते हुए अमेरिकियों को चेतावनी दी कि वे जल्द ही इन कीमतों को ‘याद करेंगे’। यह चेतावनी उस समय आई जब अमेरिकी सेना ने घोषणा की कि वह सोमवार शाम (ईरानी समय) से ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने वाले सभी समुद्री यातायात पर नाकेबंदी लागू करेगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, ”मौजूदा पेट्रोल कीमतों का आनंद लें। इस तथाकथित ‘नाकेबंदी’ के बाद जल्द ही आपको $4-$5 प्रति गैलन की कीमत भी याद आने लगेगी।”
उन्होंने एक फॉर्मूला “ΔO_BSOH>0 ⇒ f(f(O))>f(O)” भी साझा किया। इसके साथ ही Google Maps का स्क्रीनशॉट दिखाया जिसमें अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें दिखाई गई थीं। इसके जरिए उन्होंने अमेरिकी उपभोक्ताओं को भविष्य में कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के बारे में चेतावनी देने की कोशिश की।
मैथ्स के फॉर्मूले वाल गलिबफ की इस चेतावनी के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।
X यूज़र्स के मुताबिक, मैथ्स के इस फॉर्मूले का मतलब है कि अगर होर्मुज़ ब्लॉकेड का संकट बढ़ता है (ΔO_{BSOH} > 0) तो तेल की कीमतों में साधारण बढ़ोतरी नहीं बल्कि तेज़, नॉन-लीनियर उछाल (f(f(O)) > f(O)) देखने को मिलेगा।
एक यूज़र ने गलिबफ की पोस्ट का हवाला देते हुए लिखा, ”मतलब साफ है: सप्लाई घटेगी → कीमतें बढ़ेंगी → दबाव और बढ़ेगा। पहला झटका कीमतें बढ़ाता है और उस झटके की प्रतिक्रिया उन्हें और ऊपर ले जाती है। जब तक सस्ता पेट्रोल है, उसका मज़ा ले लो।”
ट्रंप ने दी होर्मुज स्ट्रेट को ब्लॉक करने की धमकी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलमार्ग को ब्लॉक करने के अपने बयान को दोहराया है। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ सीजफायर ठीक चल रहा है। उनकी मिलिट्री पूरी तरह से खत्म हो चुकी है, नेवी पानी में डूब गई है और 158 जहाज खत्म हो चुके हैं। उनके बहुत सारे माइन ड्रॉपर्स भी खत्म हो चुके हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि कल दस बजे अमेरिका होर्मुज जलमार्ग को ब्लॉक करने जा रहा है। अन्य देश भी काम कर रहे हैं ताकि ईरान अपना तेल न बेच सके। उन्होंने दावा किया कि यह बहुत असरदार होगा।
यह भी पढ़ें: कौन हैं मोहम्मद बगेर गलिबफ? अमेरिका के साथ बातचीत में कर रहे ईरान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर गलिबफ अमेरिका के साथ शांति वार्ता के लिए ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। बगेर गलिबफ एक अहम राजनीतिक हस्ती के तौर पर उभरे हैं। किसी भी ईरानी नेता के लिए ऐसे दुश्मन से निपटना आसान काम नहीं है, जिसे दशकों से ‘ग्रेट सैटन’ कहा जाता रहा है और जिसने ईरान को काफ़ी मिलिट्री नुकसान पहुंचाया है। पढ़ें पूरी खबर…
