अमेरिका में नवरात्रि के मौके पर एक हिंदू मंदिर में भीड़ को निशाना बनाकर हमले की साजिश के आरोप में 19 साल के लड़के को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पूरी साजिश रच चुका था और हमले को अंजाम देने ही वाला था, लेकिन तभी उसकी राइफल जाम हो गई और वह फिर पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना इलिनॉय राज्य में के ऑरोरा इलाके की है। यहां एक हिंदू मंदिर पर कथित तौर पर मास शूटिंग (भीड़ पर गोलीबारी) की साजिश रचने के आरोप में 19 साल के अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस को अरेस्ट किया गया।
गोला-बारूद और गोलियों के साथ मंदिर में घुस गया था आरोपी
आरोपी के पास से पुलिस को AR-स्टाइल राइफल, करीब 300 राउंड गोला-बारूद और कई टैक्टिकल उपकरण मिले हैं। इस सामान के साथ आरोपी मंदिर परिसर में घुस चुका था और उसने गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन राइफल जाम हो गई। इसके बाद एक सहकर्मी की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
11 अक्टूबर को हुई थी गिरफ्तारी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को 11 अक्टूबर को अरेस्ट किया। बुधवार को रोलिंग मीडोज कोर्ट में आरोपी की पेश हुई। सुनवाई के दौरान जज ने उसे बिना बॉन्ड के हिरासत में रखने का आदेश दिया। उसकी अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को निर्धारित की गई है।
भारतीय मूल के लोगों से आरोपी को थी नफरत
आरोपी अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस को लेकर एक चौंकाने वाली बात सामने आई है कि वह भारतीय मूल के लोगों से नफरत करता था। उसके घर से राइफल, कई भरी हुई मैगजीन और सैकड़ों गोलियां बरामद हुई हैं। कोर्ट रिकॉर्ड और अभियोजन पक्ष के मुताबिक, पापोराकिस ने करीब सात महीने तक अर्लिंग्टन हाइट्स स्थित टैको बेल आउटलेट में कैशियर के तौर पर काम किया था। उसके सहकर्मियों ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह अक्सर नाजी विचारधारा, हथियारों और हिंसा के बारे में बात करता था। उस पर श्वेत वर्चस्ववादी विचार रखने और भारतीयों के खिलाफ नस्लभेदी टिप्पणियां करने का भी आरोप है।
राइफल जाम होने के बाद की मौके से भागने की कोशिश
कोर्ट में अभियोजन पक्ष के अनुसार, 10 अक्टूबर को आरोपी ने एक सहकर्मी से कथित तौर पर कहा था कि वह भारतीयों को मारना चाहता है और ऑरोरा के एक बड़े हिंदू मंदिर पर हमला करने की योजना बना रहा है। उसने कथित तौर पर बड़ी मात्रा में गोला-बारूद इस्तेमाल करने की बात भी कही थी। जांच में सामने आया है कि अगले दिन पापोराकिस AR-स्टाइल राइफल, लगभग 300 राउंड गोला-बारूद, बॉडी आर्मर और अन्य सामरिक उपकरणों के साथ मंदिर के इलाके में पहुंचा। उसने कथित तौर पर राइफल से फायर करने की कोशिश की, लेकिन हथियार जाम हो गया। इसके बाद वह वहां से भाग गया।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
इसके बाद जब वह घर लौटा तो आरोपी ने इंटरनेट पर राइफल ठीक करने के तरीके खोजे। उसने अपने एक सहकर्मी को हथियार से फायर नहीं होने का वीडियो भी भेजा। इसके अलावा, उसने टैक्टिकल वेस्ट पहने हुए अपनी तस्वीर साझा की और कथित तौर पर हथियार ठीक कर दोबारा हमला करने की संभावना पर चर्चा की। आरोपी के मैसेजेस के बाद अन्य कर्मचारी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने रविवार को दोपहर करीब 3:42 बजे पैलेटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी को उसके अपार्टमेंट के पास एक पार्किंग स्थल से गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में हिंदुओं के खिलाफ नफरत की घटनाओं में 15 फीसदी की वृद्धि, गृह मंत्रालय के आंकड़ों से खुलासा
ब्रिटेन में हिंदुओं के खिलाफ नफरत की घटनाओं में वृद्धि हुई है। ब्रिटिश गृह मंत्रालय के डेटा से पता चला है कि ब्रिटेन में हिंदुओं को टारगेट करके धर्म से जुड़े हेट क्राइम में 15% की बढ़ोतरी हुई है। पुलिस ने मार्च 2025 से इस साल मार्च के बीच इंग्लैंड और वेल्स में कुल 146,825 हेट क्राइम रिकॉर्ड किए। धार्मिक हेट क्राइम में 13% की बढ़ोतरी हुई। मुसलमानों को टारगेट करके किए गए हेट क्राइम में भी 15% की बढ़ोतरी हुई। यहां पढ़ें पूरी खबर…
