अमेरिका के जॉर्जिया स्थित अटलांटा में भारतीय मूल के एक युवक की शादी के कुछ ही घंटे बाद हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई है। अटलांटा न्यूज फर्स्ट के मुताबिक, युवक का नाम डेव फिजी था और उसकी शादी शुक्रवार की रात हुई थी।
इस क्रैश में दूल्हा डेव फिजी और रॉबिन्सन आर66 हेलीकॉप्टर के पायलट दोनों की मौत हो गई। इन दोनों के अलावा डेव की पत्नी जेसनी भी इसी हेलीकॉप्टर में सवार थी। शादी के बाद वह हेलीकॉप्टर डॉसनविले में उनके विवाह स्थल के पास क्रैश हो गया। हालांकि अभी तक पायलट का नाम सामने नहीं आया है।
हादसे में सिर्फ दुल्हन जिंदा बची
हालांकि अमेरिका में हुए इस दुर्घटना में जेस्नी जिंदा बच गईं और उनका इलाज मेट्रो अटलांटा हॉस्पिटल में चल रहा है। 26 वर्षीय डेव खुद डेल्टा एयरलाइंस में पायलट था। जेस्नी पेशे से नर्स है।
बेटा बहुत खुश था- दूल्हे के पिता
डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने अटलांटा न्यूज फर्स्ट को बताया कि उनका बेटा शादी को लेकर काफी खुश था। जॉर्ज के मुताबिक, डेव ने शुक्रवार को जेस्नी से शादी की। दोनों की मुलाकात 10 साल पहले न्यू टेस्टामेंट चर्च में हुई थी। शादी डॉसनविले के द रेवरे में आयोजित हुई थी, इस शादी समारोह में करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे।
शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा जॉर्जिया के दूसरे सबसे बिजी एयरपोर्ट डेकाल्ब-पीचट्री एयरपोर्ट के लिए रॉबिन्सन आर66 हेलीकॉप्टर में सवार हुआ। बताया जाता है कि जोड़े के लिए एक विशेष विदाई थी, जिसके बाद उन्होंने अटलांटा शहर के एक होटल में रात बितानी थी। लेकिन हेलीकॉप्टर बीच रास्ते में ही माउंट वर्नोन ड्राइव के पास डॉसन काउंटी के एक दूरस्थ जंगली इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
6 घंटे तक मौत से लड़ती रही दुल्हन
डेव के पिता ने बताया कि दुर्घटना के बाद अधिकारियों को हेलीकॉप्टर का पता लगाने में काफी समय लगा। इस दौरान जेस्नी कथित तौर पर करीब 6 घंटे तक मलबे में फंसी रही।
जॉर्ज फिजी ने कहा, “जिस्नी ने बताया कि जब वह उठी तो उसने डेव को अपनी गोद में सिर रखे हुए देखा। उसने उस पर खून लगा देखा। इसके बाद चेक किया तो उसका शरीर पूरी तरह ठंडा पड़ चुका था। वह एक नर्स है, इसलिए वह जानती थी कि उसकी मौत हो चुकी है।”
उन्होंने आगे कहा, “वह (जिस्नी) बहुत दुखी है, लेकिन धीरे-धीरे ठीक हो रही है।”
मौसम को लेकर चिंतित था डेव
पिता के अनुसार, डेल्टा एयर लाइन्स के फर्स्ट ऑफिसर डेव को उड़ान भरने से पहले मौसम को लेकर चिंतित था।
जॉर्ज फिजी ने कहा, “चूंकि मेरा बेटा पायलट था, उसने हेलीकॉप्टर के पायलट को बताया कि जीरो विजिबिलिटी है, और जब इस तरह की जीरो विजिबिलिटी होती है, तो हम कभी उड़ान नहीं भरते।” लेकिन रॉबिन्सन आर66 के पायलट ने कथित तौर पर उनसे कहा कि वे अधिक ऊंचाई पर उड़ान भरेंगे। हालांकि इस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: ईरान जाने की कोशिश कर रहे एक और जहाज को अमेरिकी नेवी ने रोका, ओमान ने जारी की नई चेतावनी
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलमार्ग में घुसने की कोशिश कर रहे एक और जहाज को रोक दिया है। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि जहाज ईरानी बंदरगाह की तरह जाने की कोशिश में था। इधर अमेरिका और ईरान दोनों सीजफायर को लेकर अभी भी गोलमोल रवैया अपनाए हुए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
