scorecardresearch

भारत के सख्त रवैये के बाद लाइन पर आया ब्रिटेन! लंदन में भारतीय उच्चायोग की बढ़ाई सुरक्षा, बैरिकेड्स और पेट्रोलिंग करते दिखे अधिकारी

मध्य लंदन में भारतीय उच्चायोग है। इस बिल्डिंग को इंडिया हाउस के नाम से जाना जाता है। इस बिल्डिंग के बाहर पुलिस अधिकारियों और पेट्रोलिंग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

Indian Embassy| London
लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा (फोटो- एएनआई)

भारत के सख्त रुख के बाद बुधवार (22 मार्च, 2023) को लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। यहां खालिस्तान समर्थक नारे लगाने वाले प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड्स के पीछे ही रोक दिया गया ताकि रविवार जैसी घटना दोबारा ना हो। दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर से बैरिकेड हटाए जाने के बाद लंदन में भारतीय हाईकमीशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई।

पुलिस और पेट्रोलिंग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई

मध्य लंदन में भारतीय उच्चायोग है। इस बिल्डिंग को इंडिया हाउस के नाम से जाना जाता है। इस बिल्डिंग के बाहर पुलिस अधिकारियों और पेट्रोलिंग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। रविवार की घटना के बाद से दूतावास की बिल्डिंग पर एक विशाल भारतीय ध्वज लटका हुआ है।

घोड़ों पर सवार पुलिस गश्त करती दिखी

इंडिया हाउस के बाहर दर्जनों सुरक्षाकर्मियों को ले जाने वाली कई वैन देखी गई हैं और सड़कों पर घोड़ों पर सवार पुलिस गश्त करती भी नजर आई। इसके अलावा, फुटपाथ पर बैरिकेड्स भी लगा दिए गए हैं। नई दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर से बैरिकेड्स हटाए जाने के कुछ ही देर बाद भारतीय उच्चायोग को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की गई। बुधवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर से बैरिकेड्स हटाए जाने के भारत सरकार के कदम को कुछ लोगों ने भारतीय उच्चायोग के बाहर सुरक्षा की कमी के बदले के तौर पर देखा था

खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने भारतीय उच्चायोग में की थी तोड़फोड़

वहीं, रविवार की घटना के बाद भारत सरकार ने लंदन में भारतीय उच्चायोग में सुरक्षा की कमी को लेकर सवाल खड़े किए थे। इस संबंध में ब्रिटिश राजनयिक को बुलाकर तलब किया गया और जवाब मांगा गया कि ऐसे तत्वों को इमारत में दाखिल होने की अनुमति कैसे दी गई। रविवार को यहां खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की थी और भारतीय झंडे को नीचे गिराने का प्रयास किया था।

शनिवार से फरार चल रहे खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे के मुखिया अमृतपाल सिंह के लिए भारत में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई तहत पंजाब में 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इसके विरोध में लंदन में प्रदर्शन का आह्वान किया गया था।

पढें अंतरराष्ट्रीय (International News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 22-03-2023 at 20:04 IST
अपडेट